15 नवंबर को वाराणसी में प्रजापति समाज के मंच से उनको साधेंगे ओपी राजभर, कहा- ओवैसी 100 सीट का सपना न देखें
वाराणसी, 10 नवंबर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और 15 नवंबर को होने वाली भागीदारी पार्टी (पी) की रैली में अजगरा और शिवपुर विधानसभा से प्रजापति समाज के लोगों को बड़े पैमाने पर लाने का संदेश दिया। पत्रकारों से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने सपा के बाद ओवैसी के साथ आने के सवाल पर कहा कि कोशिश हो रही है, जो लोग भारतीय जनता पार्टी को हराना चाहते हैं, वह 100 सीट का सपना छोड़ दें, वह 10 सीट पर लड़ के 10 जीत लें। 100 पर लड़कर एक भी न जीते तो इसका क्या मतलब है। मैं तो कहूंगा कि एक साथ कम सीट पर चुनाव लड़िये, कोई दिक्कत नहीं है। ओपी राजभर ने मुख्तार अंसारी के मऊ सदर से चुनाव लड़ने पर सहमति जताते हुए कहा कि वह जहां से चुनाव लड़ना चाहेंगे हम उन्हें लड़ा देंगे। मुख्तार अंसारी मऊ के सदर सीट से पांच बार के विधायक हैं, उन्हें जनता जीत दिलाती है और भाजपा के लोग मदद करते हैं। मुख्तार के पक्ष में बयान देते हुए बोले कि भारतीय जनता पार्टी का वश चले और संविधान ना होता तो यह मुख्तार की हत्या करवा देते। कहा कि मुख्तार अंसारी के साथ बहुत अन्याय किया जा रहा है।

'बीजेपी ड्रामा पार्टी है'
ओम प्रकाश राजभर ने बीते दिनों यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामली और कैराना में पलायन कर रहे लोगों के पीड़ित परिवार से मुलाकात पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में इनकी सरकार है और यह मुख्यमंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर पीड़ित परिवार को गाड़ी में बैठाकर ले जाया जाता है। यह ड्रामा पार्टी है। कानपुर में योगी आदित्यनाथ के हाथों आज मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन के उद्घाटन के सवाल के जवाब में ओपी राजभर ने कहा कि यह सारे काम पिछली सरकारों के हैं। यह केवल उद्घाटन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सारे काम पूरे नहीं होंगे, अभी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने जा रहे हैं। उसका भी काम पूरा नहीं हुआ है। ना सर्विस रोड बनी है, ना ही सड़कें बनी हैं और ना ही बैरिकेडिंग लगा है। इन सब को वापस आना नहीं है इसलिए जिस तरह भगवान राम 14 साल के वनवास पर गए थे, ये 15 साल के लिए जाने वाले हैं।

'पहली रैली में प्रजापति समाज को जोड़ना मकसद'
समाजवादी पार्टी से मऊ के हलधरपुर में हुए गठबंधन के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की काशी की पहली जनसभा होगी। 15 नवंबर को आयोजित यह सभा वाराणसी के मुनारी गांव में होनी है। भागीदारी पार्टी (पी) के मंच से ओमप्रकाश राजभर लोगों को संबोधित करेंगे। इस सभा में अजगरा और शिवपुर विधानसभा के प्रजापति समाज को लाए जाने का मकसद है, इसी को लेकर अहम बैठक ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को वाराणसी में की है। इस पूरे मामले पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को वाराणसी में होने वाले महापंचायत में प्रजापति ( कुम्हार) समाज को अपने साथ जोड़ना हमारा मकसद है।इससे सपा को सीधा लाभ मिलने जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पास यादव और अल्पसंख्यक समर्थक थे। हमारे साथ होने से पिछड़ी जाति और अतिपिछली जाति का समर्थन मिलेगा जिसमे प्रजापति समाज अहम है।

वाराणसी में प्रजापतियों की गोलबंदी
वाराणसी के 8 विधानसभा में आकड़ों की बात करें तो हर विधानसभा में करीब 10 से 15 हजार प्रजापति समाज के लोग रहते हैं। पूरे वाराणसी जिले की बात की जाये तो करीब 1 लाख प्रजापति मतदाता हैं। भागीदारी पार्टी (पी) में बतौर संयोजक इस महापंचायत में ओमप्रकाश राजभर मुख्य वक्ता होंगे। वहीं भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति युवा मंच पर मौजूद रहेंगे। इस महापंचायत में सिर्फ प्रजापति समाज के लोगों को ही बुलाया गया है जिसमें निमंत्रण देने की जिम्मेदारी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को दी गयी है। प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि 2022 में हम साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाले हैं और इस चुनाव के बाद परिणाम भी हमारे पक्ष में होंगे। हमारी सरकार आई तो हम कुम्हारों को न सिर्फ मशीन बल्कि उन्हें रोजगार भी देंगे।












Click it and Unblock the Notifications