अयोध्या में मंदिर के भूमि पूजन से खुश बनारस की मुस्लिम युवती ने कलाई पर गुदवाया 'श्रीराम' का टैटू
वाराणसी। यूपी में अयोध्या के राम मंदिर की 5 अगस्त को नींव रखी जाएगी। इसके भूमि पूजन से खुश हुई मुस्लिम युवती इक्रा खान ने गंगा-जमुनी तहजीब का उदाहरण पेश किया है। इक्रा ने अपने हाथ पर 'श्रीराम' नाम का पक्का टैटू गुदवाया है। वो शुरू से ही यह चाहती थी कि, राम नगरी अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर बने। अब करोड़ों देशवासियों का यह सपना भी साकार होने जा रहा है।

बनारस की रहने वाली हैं इक्रा खान
बता दें कि, इक्रा वाराणसी की रहने वाली हैं। जब से अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन की तैयारियां शुरू हुई हैं, तब से ही प्रयाग और बनारस में भी श्री राम के पोस्टर और मूर्तियों की दुकानें सजने लगी हैं।
इक्रा बीते रोज सिगरा स्थित एक टैटू जोन के शॉप पर पहुंची और टैटू गोदने वाले अशोक गोगिया से कहा कि, मैं श्री राम नाम का टैटू गुदवाना चाहती हूं। टैटू गोदने वाला यह जानकार चौंक गया कि वह एक मुस्लिम युवती है।

टैटू बनाने वाले ने शुरू किया फ्री-ऑफर
इक्रा द्वारा अपने हाथ पर स्थाई टैटू गुदवाने से टैटू गोदने वाला भी खुश हो गया। क्योंकि, इक्रा ने ऐसा कराकर हिन्दू-मुस्लिम एकता बनी रहने का संदेश दिया। शॉप पर टैटू गोदने वाले अशोक गोगिया ने फिर लोगों के लिए फ्री ऑफर पेश कर दिया। अशोक गोगिया बोले कि, मैंने भी अपनी भक्ति समर्पित की है। राम नाम के टैटू अब फ्री में गोदूंगा। यह ऑफर मेरी शॉप पर 5 अगस्त तक चलता रहेगा। कोई भी राम भक्त चाहे अस्थाई टैटू बनवाए या स्थाई, हम उसका मुफ्त में टैटू बनाएंगे।

हिंदू-मुस्लिम भाईचारे पर क्या बोलीं इक्रा?
इक्रा के मुताबिक, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसक है। उसने कहा कि, मैं यही चाहती थी कि अयोध्या में एक दिन मंदिर का निर्माण हो। अब यह सब हो रहा है तो मैं टैटू गुदवाकर हिंदू-मुस्लिम के भाईचारे का मैसेज देना चाहती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications