खेत में नंगे पांव धान लगातीं दिखीं सांसद Priya Saroj, वायरल वीडियो और तस्वीरों ने बटोरी देशभर से सराहना
MP Priya Saroj: वाराणसी के करखियांव गांव में रविवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज खेत में उतरकर खुद धान की रोपाई करती नजर आईं। पारंपरिक अंदाज में उन्होंने गांव की महिलाओं के साथ धान की रोपाई की।
स्थानीय मजदूरों के साथ काम करते हुए सांसद ने करीब आधे घंटे तक खेत में मेहनत की। उन्होंने लगभग 5 बिस्वा खेत में धान की रोपाई की। यह पूरा दृश्य गांव के कई लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया और फिर यही वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

सांसद का यह जमीनी अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि उन्होंने पहली बार किसी जनप्रतिनिधि को इस तरह खेत में काम करते देखा है। सांसद के साथ उनकी कुछ सहेलियां भी थीं जो धान रोपाई करते समय फोटो और वीडियो बनाईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
प्रिया सरोज ने खेत में काम करते हुए अपने फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर साझा किए। कुछ ही घंटों में इन पोस्ट्स पर हजारों लाइक और कमेंट्स आने लगे। फेसबुक पर सांसद प्रिया सरोज के इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।
लोगों ने उन्हें 'धरती से जुड़ी हुई नेता' कहकर संबोधित किया। फेसबुक पर हजारों बार शेयर हुए इस वीडियो में उन्हें गांव की महिलाओं के साथ काम करते हुए देखा जा सकता है। सांसद को धान की रोपाई करता देख हर कोई हैरान है।
जनता दरबार के बाद पहुंचीं खेत में रोपाई करने
रविवार को दिल्ली रवाना होने से पहले सांसद ने अपने घर पर जनता दरबार लगाया था। उसी दौरान उन्होंने निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण किया और फिर खेत की ओर रुख किया। वहां पहले से धान की रोपाई हो रही थी।
जैसे ही उन्होंने खेत में मजदूरों को काम करते देखा खुद भी नंगे पांव पानी से भरे खेत में उतर गईं। ग्रामीणों के अनुसार, सांसद ने बिना झिझक खेत का काम संभाला और करीब आधे घंटे तक लगातार धान रोपती रहीं।
खेती से पुराना नाता, पिता भी करते हैं खेती किसानी
प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी खेती से गहरा जुड़ाव रखते हैं। पूर्व सांसद और वर्तमान विधायक होने के बावजूद आज भी वे अपने 26 बीघा खेत की देखरेख खुद करते हैं। सांसद प्रिया सरोज का यह व्यवहार पारिवारिक परंपरा की झलक है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद का यह कार्य कोई दिखावा नहीं बल्कि एक सहज पहल थी। खेत में उनके साथ काम कर रही महिलाओं ने भी सांसद प्रिया सरोज की खूब सराहना की और कहा कि इससे उन्हें बहुत प्रोत्साहन मिला है।
बिजली संकट पर भी जताई चिंता
सांसद प्रिया सरोज ने जमीनी समस्याओं पर भी सक्रिय रुख अपनाया है। उन्होंने हाल ही में क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की अनियमितता पर ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया कि गांवों में ट्रांसफॉर्मर खराब होने और वोल्टेज की समस्या आम हो गई है।
उनके अनुसार, मड़ियाहूं तहसील के कई गांवों में बिजली संकट के कारण धान की रोपाई भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई और छोटे व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हैं। स्वास्थ्य सेवाएं भी इस संकट से अछूती नहीं रहीं।
सांसद ने यूपीपीसीएल की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में नई विद्युत ग्रिड और सबस्टेशन स्थापित करने की योजना को अमल में लाने का आग्रह भी किया है।
उनका कहना है कि जब तक बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं होगा, तब तक गांवों में खेती और सामान्य जीवन प्रभावित होते रहेंगे। स्थानीय विद्युत अधिकारियों पर जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप भी लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications