Love Affair: घरवाले बने रोड़ा तो प्रेमी-प्रेमिका ने हाथ बांध गंगा में लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस
प्यार में बाधक बने घरवाले तो प्रेमी-प्रेमिका नाराज हो गए। दोनों वाराणसी के विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचे और दुपट्टे से हाथ बांधकर गंगा नदी में छलांग लगा दी।

वाराणसी जिले से Love Affair का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सोमवार को प्रेमी-प्रेमिका ने वाराणसी के विश्वसुंदरी पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। रात तक दोनों की तलाश की गई लेकिन पता नहीं चला।
दरअसल, सोमवार को एक युवक और एक युवती वाराणसी के विश्वसुदरी पुल पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों काफी देर तक एक-दूसरे से बात करते रहे। बाद में अपना सामान पुल पर रखकर दोनों नदी में कूद गए।
कहा जा रहा है कि गंगा नदी में कूदने से पहले प्रेमिका के दुपट्टे से दोनों ने एक-दूसरे के हाथ कसकर बांध लिए थे। प्रेमी युगल के कूदने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और गोताखोर बुलाए गए।
रात तक दोनों की तलाश की गई लेकिन दोनों का पता नहीं चला। नदी में छलांग लगाने के बाद पुल पर मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी है। युवक अक्सर अपने रिश्तेदार के यहां आया करता था।
आते-जाते समय उसकी मुलाकात रिश्तेदारी की एक युवती से हो गई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। प्यार परवान चढ़ा तो दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे।
वहीं जब दोनों के रिश्ते के बारे में उनके परिजनों को पता चला तो परिजनों ने नाराजगी जाहिर की। परिजनों द्वारा नाराजगी जताने के बाद प्रेमी युगल भी नाराज हो गया और सोमवार को घर से विश्वसुंदरी पुल पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो करीब आधे घंटे तक दोनों ब्रिज पर आपस में बातचीत करते रहे। इस दौरान प्रेमी और प्रेमिका के बीच कहासुनी भी हुई। इसके बाद दोनों ने अपना सामान पुल पर रख हाथ बांधकर गंगा नदी में छलांग लगा दी।
दोनों की तलाश में पुलिस वाराणसी व चंदौली क्षेत्र में गंगा किनारे भी गई। देर शाम तक गोताखोर भी उनकी तलाश करते रहे। अंधेरा होने के बाद सर्च टीम वापस लौट गई। मंगलवार को भी उन्हें तलाश किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications