खतरे की घंटी, वाराणसी में तीन दिन में पांच गुना बढ़ गई कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या
वाराणसी में बढ़ी कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या, मंगलवार को आर्इ रिपोर्ट में मिले 34 मरीज
वाराणसी, 03 अगस्त : वाराणसी में एक बार फिर कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। मंगलवार को कोविड संक्रमित लोगों की संख्या में 5 गुना इजाफा हुआ है। रविवार को जहां केवल 7 संक्रमित लोग मिले थे वहीं मंगलवार को 34 लोग संक्रमित पाए गए। एक ही दिन 34 लोगों के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हो गर्इ। अधिकारियों द्वारा लोगों से कोविड गाइडलाइन पालन करने की अपील की जा रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर यात्रा करने वाले लोगों से भी अपील की जा रही है कि यात्रा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए ही यात्रा करें।

100 के पार पहुंचे संक्रमित
वाराणसी जिले में मंगलवार को आई कोविड रिपोर्ट में 34 लोगों के कोविड संक्रमित पाए जाने के बाद जिले में अब कोविड संक्रमित लोगों की संख्या 100 के पार हो गई है। जिले में वर्तमान समय में 111 कोविड मरीज संक्रमित हैं। पिछले 10 दिनों के आंकड़ों पर यदि ध्यान दिया जाए तो 10 दिनों में कोविड संक्रमित 158 मरीज मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस समय जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है उनकी रिकवरी भी तेजी से हो रही है। ऐसे में डरने की आवश्यकता नहीं है।

जिले के इन इलाकों में मिले मरीज
शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षत्रों में भी कोविड संक्रमित लोग पाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को रमाकांत नगर कालोनी, अवलेशपुर, सुसवाही, शिवपुर, गिलट बाजार, महेशपुर, करौंदी, कैंट, बिरदोपुर, गायत्री नगर कालोनी, दुर्गाकुंड, सिगरा, मंडुआडीह, बरेका, बीएचयू, सुंदरपुर, चोलापुर, बड़ागांव, सेवापुरी सहित अन्य क्षेत्रों में कोविड संक्रमित मरीज मिले हैं।

सावन में भीड़ होने के चलते बड़े संक्रमित
अधिकारियों ने बताया कि सावन माह में काफी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। यही कारण है कि जिले में कोविड संक्रमित लोगों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। सीएमओ संदीप चौधरी ने बताया कि लोगों से अपील की जा रही है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और मास्क का प्रयोग करें। यात्रा के दौरान कोविड गाइडलाइन का जरुर पालन करें।












Click it and Unblock the Notifications