काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: परिसर निर्माण के दौरान हुआ हादसा, एक मजदूर की मौत
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: परिसर निर्माण के दौरान हुआ हादसा, एक मजदूर की मौत
वाराणसी, 12 सितंबर: पीएम नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। बता दें कि यह हादसा कॉरिडोर में परिसर निर्माण के दौरान हुआ है। मौके पर कई पुलिस अधिकारी पहुंच चुके हैं और मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर में शनिवार (11 सितंबर) की देर शाम एक ट्रक में बिल्डिंग के अंदर लगने वाले शीशे के इन बंडलों को हाइड्रोलिक मशीन से फीते से बांधकर उतारने की प्रक्रिया हो रही थी। इसी दौरान फीता टूट गया और शीशे का बंडल नीचे बंडल उतारने में मदद कर रहे मजदूरों के ऊपर गिर पड़ा। इस हादसे में 3 मजदूर घायल हो गए। आनन-फानन में मंदिर प्रशासन ने मजदूरों को कबीर चौरा में एडमिट कराया।
श्री शिव प्रसाद गुप्त संभागीय जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ प्रसन्ना कुमार ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लिए सामग्री उठाई जा रही थी, जिस दौरान यह हादसा हो गया। यहां 2 लोगों को लाया गया था, जिसमें से एक की मौत हो गई।जबकि दूसरे को भर्ती कराया गया है और वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है। डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने बताया कि मृत मजदूर की शिनाख्त काम कर रहे कांट्रैटर से की जा रही है।
मिलेगी आर्थिक सहायता
जिला अधिकारी कौशल राज शर्मा के मुताबिक, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में मालवाहक मिनी ट्रक से शीशा उतारते समय असावधानी से शीशा गिर गया। इससे एक स्थानीय मैदागिन से लिए गए मजदूर की मृत्यु हो गई और एक अन्य स्थानीय मजदूर घायल हुआ। एक अन्य के सहायता करने में हाथ पर खरोंच आयी। अस्पताल पहुंचाए गए घायल खतरे से बाहर हैं। मृतक और घायल को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और इलाज फ्री में कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications