वाराणसी में हार्दिक पटेल का डोर टू डोर कैंपेन, कहा-बीजेपी इस बार माइनस में
वाराणसी, 30 जनवरी। यूपी के चुनाव अभियान में कोई भी राजनैतिक पार्टी चुनाव आयोग के नियमों का पालन करती नहीं दिख रही है। रविवार को वाराणसी में चौक इलाके से शुरू हुए कांग्रेस के डोर टू डोर कैम्पेनिंग में हार्दिक पटेल की मौजूदगी में भी कुछ ऐसा ही दिखा। जब कांग्रेस के लोग चौक के ठठेरी बाजार, चौखम्भा, गोपालमन्दिर होते हुए गोलघर निकले तो 10 लोगों के बदले भीड़ की शक्ल में कांग्रेसी समर्थक जनसंपर्क में लगे हुए थे। हालांकि यहां स्थानीय पुलिस आई लेकिन वह सिर्फ वीडियो बना कर निकल गयी। इस कैम्पेनिंग को लेकर हार्दिक पटेल से पूछा गया कि क्या आपके जनसम्पर्क में कोविड गाइड लाइन और आदर्श आचार संहिता का पालन हो रहा है तो उन्होंने जवाब देते कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कैसे पालन होगा बताइए। अगर कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना है तो चुनाव ही नहीं कराना चाहिए था और अमित शाह जी ने तो मास्क भी नहीं लगाया था, थूक लगाकर पर्चे बांट रहे थे। जब पहले कोविड आया था तो कह रहे थे कि थूक से कोविड बढ़ता है तो अमित शाह जी भी कोविड फैलाने का धंधा कर रहे है।

हार्दिक पटेल के कैम्पेनिंग का वीडियो पुलिस ने बनाया, इस पर हार्दिक ने कहा कि हम 5 साल से मोदी और अमित शाह की पुलिस से लड़ चुके हैं, क्या योगी की पुलिस 2 सींग वाली है, हम नहीं डरते। वहीं एग्जिट पोल पर रोक लगने के सवाल पर हार्दिक पटेल ने कहा कि इसका मतलब है कि बीजेपी माइनस है। रोक लगना अच्छी बात है लेकिन इससे ये लगता है कि बीजेपी को मालूम है कि एग्जिट पोल पहले चरण का आएगा तो वह माइनस में होगी, उससे पूरे प्रदेश में माहौल बन जायेगा।
हार्दिक पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सहारनपुर में अमित शाह ने डोर टू डोर कैंपेनिंग की, इस कैम्पेनिंग में भीड़ अधिक हुई और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन भी नहीं हुआ क्योंकि सरकार उनकी है इसलिए कार्रवाई भी नहीं करेंगे। हम लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करेंगे क्योंकि हम लोग विपक्ष की भूमिका में है। हमारे देश में सरकार जितनी भी मजबूत हो उतना ही विपक्ष मजबूत होना चाहिए यही तो हमारा लोकतंत्र कहता है। वहीं सीएम योगी के सपा की लाल टोपी रामभक्तों के खून से रंगे होने पर हार्दिक पटेल ने कहा हालांकि इसका जवाब समाजवादी को देना चाहिए लेकिन मैं इतना कहूंगा कि कभी हमारे घर आइए हमारे घर भी 4 फीट के भगवान राम की प्रतिमा है, गोरखनाथ के पीठाधीश्वर होते हुई जितना श्लोक योगी आदित्यनाथ को नहीं आता उससे ज्यादा हम बोलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications