BHU कैंपस में फ्रेंड के साथ घूम रही छात्रा से छेड़खानी, दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा, की गई कार्रवाई
BHU News Today: वाराणसी के बीएचयू में एक बार फिर छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्रा ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड से शिकायत की। शिकायत के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया।
बीएचयू की एक छात्रा सोमवार की रात में अपने दोस्त के साथ एग्रीकल्चर ग्राउंड के समीप टहल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी की। उसके बाद छात्रा ने इस मामले की शिकायत प्रॉक्टोरियल बोर्ड से की।

छात्रा द्वारा शिकायत करने के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड द्वारा सीर गेट को बंद करते हुए लंका थाने की पुलिस को भी जानकारी दी गई। जानकारी मिलने के बाद बीएचयू चौकी इंचार्ज शिवांकर मिश्रा भी सीर गेट पर पहुंचे।
थोड़ी देर में एक बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। उसके बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान एक युवक भागने में सफल हो गया। पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की गई और फिर पुलिस उन्हें थाने ले आई।
पकड़ा गया एक युवक अपना नाम संजय साहनी और दूसरे ने अपना नाम विमलेश साहनी बताया। दोनों युवक चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी नई बस्ती के रहने वाले हैं। पकड़े गए दाेनों युवकों से पूछताछ के बाद शुक्रवार को उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उनका चालान कर दिया गया।
इस बारे में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा द्वारा बताया गया कि बीएचयू में छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications