Dev Deepawali: 3D प्रोजेक्शन मैंपिंग के जरिए चेत सिंह घाट पर दिखाई जाएगी मां गंगा की अवतरण यात्रा
Dev Deepawali पर चेत सिंह घाट की दीवारों पर 3D प्रोजेक्शन मैंपिंग के जरिए दिखाई जाएगी मां गंगा के अवतरण यात्रा, म्यूजिक के साथ गंगा की लहरों के बीच लेजर शो से बढ़ेगी देव दीपावली की भव्यता
Dev Deepawali 2022 को काफी भव्य तरीके से मनाए जाने की तैयारी तेजी से चल रही है। इस बार वाराणसी जिले के चेत सिंह घाट पर होगा 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि Dev Deepawali के अवसर पर काशी में पहली बार लाइव चरित्रों पर आधारित 20 लेजर प्रोजेक्टर्स द्वारा 3D प्रोजेक्शन मैपिंग शो दिखाए जाएंगे। वाराणसी के चेत सिंह घाट पर आयोजित होने वाले इस शो का आयोजन उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्रालय के द्वारा किया जाएगा।

दीवारों पर 3D व गंगा की लहरों पर लेजर शो
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 3D प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से काशी की ऐतिहासिक चेत सिंह घाट की दीवारों पर मां गंगा के अवतरण यात्रा को दिखाया जाएगा। यह भी बताया गया कि 3D प्रोजेक्शन मैपिंग के अलावा लेजर और लाईट मल्टीमिडिया शो का भी प्रसारण किया जाएगा, जो टाइम कोड द्वारा प्रसारित किया जाएगा। ध्वनियों के साथ लेजर शो का एक अच्छा तालमेल भी देखने को मिलेगा, यह लेजर शो श्रोताओं को काफी प्रभावित और मंत्रमुग्ध करेगा। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि चेत सिंह घाट पर लेजर शो के चलते देव दीपावली की भव्यता में चार चांद लग जाएगा। यह भी बता दें कि वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर भी वाराणसी के चेत सिंह घाट पर लेजर शो का आयोजन किया गया था।

खुद को कहानी का हिस्सा समझेंगे दर्शक
अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि गंगा की अवतरण यात्रा को 3D प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से वाराणसी के चेत सिंह घाट की दीवारों पर जिन चलचित्रों के माध्यम से दिखाया जाएगा उसमें इतिहास के पात्रों को फिर से बनाया गया है। इस कार्यक्रम को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है और इसे देखने के दौरान संगीत और ध्वनि के मनमोहक वातावरण को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। यह भी बताया गया कि इस शो को देखने के दौरान दर्शक को ऐसा लगेगा कि वह कहानी का ही हिस्सा है और ये शो दर्शकों के मानस पटल पर अमिट स्मृति छोड़ेगा।

गंगा किनारे जलाए जाएंगे दस लाख दीये
देव दीपावली इस वर्ष 7 नवंबर को मनाई जानी है। ऐसे में पर्यटन विभाग द्वारा काशी में दस लाख दीये जलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन उप निदेशक प्रीति श्रीवास्तव द्वारा इस बारे में पिछले सप्ताह सूचना जारी करते हुए बताया गया था कि काशी के गंगा घाट पर अर्धचंद्राकार में आठ लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा गंगा पार रेत पर करीब दो लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सामने गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी।

इस बार लाखों पर्यटकों के आने की संभावना
कोरोना काल के दौरान काशी में देव दीपावली भी भव्य तरीके से नहीं मनाई जा सकी। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम का जीर्णोद्धार कराए जाने के बाद से काशी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस वर्ष काशी में आयोजित होने वाले देव दीपावली को देखने के लिए लाखों की संख्या में पर्यटक वाराणसी आएंगे। देव दीपावली के दिन काशी की सड़कें, विद्युत पोल आदि की भी सजावट की जाएगी। इसके अलावा वाराणसी बाबतपुर फोरलेन और अन्य सड़कों पर भी सजावट की जाएगी।

देव दीपावली को देखकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
देव दीपावली के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में है। किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए सरकारी अस्पतालों के अलावा चिन्हित किए गए निजी अस्पतालों व आपातकालीन एवं एंबुलेंस सेवा को सक्रिय करने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी द्वारा दिया गया है। बताया गया कि इस संबंध में गुरुवार को एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, डीडीयू राजकीय चिकित्सालय पाण्डेयपुर, एलबीएस चिकित्सालय रामनगर, ईएसआईसी पाण्डेयपुर के एसआईसी व चिकित्सा अधीक्षक एवं निजी चिकित्सालयों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर कार्तिक पूर्णिमा-देव दीपावली के अवसर पर किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय व्यवस्था को पूर्व से ही सुदृढ़ करने का निर्णय लिया।












Click it and Unblock the Notifications