Varanasi में सड़क के गड्ढे भरते नजर आए पूर्व पार्षद, कहा- CM का आदेश नहीं मानते PWD के अधिकारी
वाराणसी जिले में पूर्व पार्षद द्वारा गड्ढे भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पूर्व पार्षद का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री के आदेश का पालन नहीं करता है।

Varanasi में सड़क पर बने गड्ढों को लेकर अंजान बने PWD के खिलाफ पूर्व पार्षद शाहिद अली ने गुरुवार को मोर्चा खोल दिया। हाथ में पीडब्ल्यूडी मुर्दाबाद का पोस्टर लेकर पूर्व पार्षद नई सड़क पर बने गड्ढे को भरते नजर आए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आदेश भी पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी नहीं मानते हैं। कई बार शिकायत के बाद भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा सड़क पर बने गड्ढे को नहीं भरा गया, ऐसे में वह खुद अपने सहयोगियों के साथ हावड़ा लेकर गड्ढा भरने चले आए।

आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे थे लोग
पूर्व पार्षद शाहिद अली मुन्ना द्वारा बताया गया कि नई सड़क पर करीब 35 से 36 दिनों पूर्व एक गड्ढा हो गया था। गड्ढे के चलते लोगों को आने जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने यह भी कहा कि गड्ढे में कई बार रिक्शा चालक गिरकर चोटिल हो गए इसके अलावा स्कूल आने जाने वाले बच्चे और काशी भ्रमण करने के लिए आने वाले दर्शनार्थी और राहगीर भी चोटिल हो जाते थे। गड्ढा पाटने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया। ऐसे में गुरुवार को अपने सहयोगियों से बात करने के बाद वह खुद अपने हाथ में फावड़ा लिए और गड्ढा भरने के लिए निकल पड़े।

सरकार की छवि धूमिल कर रहा पीडब्ल्यूडी विभाग
पूर्व पार्षद द्वारा आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पीडब्ल्यूडी का यह रवैया काफी गलत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आदेश दिया गया है इसके बावजूद भी पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़े अधिकारी सड़क पर बने गड्ढे को भरने का कोई प्रयास नहीं करते हैं। वर्तमान में केंद्र और प्रदेश सरकार वाराणसी में जी-20 का सफल आयोजन कराने में जुटा हुआ है पीडब्ल्यूडी जल निगम जल संस्थान की लापरवाही के चलते वाराणसी की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढा बना हुआ है और मेन सीवर लाइन का गंदा पानी भी सड़क पर कई जगह बहते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने मांग किया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सरकार द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
पिछले दिनों पानी में लेट कर किए थे प्रदर्शन
यह भी बता दें कि पूर्व पार्षद शाहिद अली पहली बार ऐसा नहीं कर रहे हैं। उनके द्वारा लगातार इस तरह का विरोध प्रदर्शन किया जाता है। पिछले दिनों पूर्व पार्षद नई सड़क पर बने गड्ढे के चलते सड़क पर फैले पानी में लेटकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान पूर्व पार्षद का वीडियो वहां से गुजर रहे लोगों ने बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं द्वारा वीडियो ट्वीट कर सरकार को घेरने का प्रयास किया गया था। फिलहाल गुरुवार को सड़क पर बने गड्ढे को भरते नजर आने के बाद पूर्व पार्षद एक बार फिर चर्चा में हैं।












Click it and Unblock the Notifications