Flight Fares: दीपावली पर लौटना मुश्किल, फ्लाइट किराए दोगुने, देखें लखनऊ और वाराणसी वापसी के टिकट प्राइस
Diwali Flight Fares: दिवाली नजदीक आते ही घर लौटने वाले प्रवासियों की परेशानी बढ़ने लगी है। ट्रेन टिकट की भारी किल्लत के कारण लोग हवाई सफर की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां भी राहत नहीं है। उड़ानों के किराए कई गुना महंगे हो चुके हैं।
यात्रियों का कहना है कि दीपावली की छुट्टियों में घर आना पहले से कहीं मुश्किल हो गया है। तत्काल टिकट सेकेंडों में खत्म हो जाते हैं और सामान्य बुकिंग महीनों पहले ही फुल हो चुकी है। मजबूरी में लोग महंगे हवाई टिकट खरीदने को तैयार हैं।

यात्रा विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली और मुंबई से लखनऊ जाने वाली फ्लाइटें रिकॉर्ड स्तर पर महंगी हुई हैं। रोजाना 3 से 4 हजार में मिलने वाले टिकट अब सात हजार तक पहुंच चुके हैं। अनुमान है कि त्योहार के करीब आते-आते यह दर 15 हजार तक जा सकती है।
लखनऊ की फ्लाइटें बनीं सबसे महंगी
मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों की स्थिति सबसे कठिन है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का किराया 16 हजार से ऊपर चला गया है, वहीं इंडिगो की सीधी फ्लाइट 18 हजार तक बिक रही है। जबकि सामान्य दिनों में यही टिकट महज पांच हजार में मिलते थे।
बेंगलुरु से लखनऊ आने वाले यात्रियों को भी जेब ढीली करनी पड़ रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की टिकट 17,930 रुपए और इंडिगो का किराया 17,333 रुपए तक पहुंच गया है। यात्रियों को चिंता है कि आने वाले दिनों में कीमत और तेजी से बढ़ेगी।
वाराणसी के किराए सातवें आसमान पर
वाराणसी एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं। मुंबई से वाराणसी की उड़ान में इंडिगो का किराया 11 हजार से ऊपर है, अकासा एयर का लगभग 12 हजार और स्पाइसजेट का 31 हजार पार कर चुका है। आम दिनों में यही किराया पांच हजार तक रहता है।
बेंगलुरु से वाराणसी आने वालों को भी राहत नहीं है। अकासा एयर का टिकट 11,310, इंडिगो का 10,345 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 13 हजार से ऊपर हो चुका है। पर्यटक भी त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में वाराणसी आते हैं, जिससे किराए और बढ़ जाते हैं।
त्योहार के कारण मांग में तेजी
ट्रेवेल एजेंसियों का कहना है कि दीपावली से लेकर छठ तक लंबी छुट्टियां हैं। इस दौरान देशभर से लोग अपने घर लौटते हैं। सीटों की कमी और बढ़ती मांग का सीधा असर हवाई टिकट पर पड़ा है। यही वजह है कि किराए तेजी से बढ़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications