Dev Deepawali 2023: वाराणसी में गंगा की लहरों पर लेजर शो, काशी के इतिहास से रूबरू होंगे श्रद्धालु
Dev Deepawali 2023: देव दीपावली पर्व पर धरती पर देवताओं की अगवानी के दौरान बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को भव्य तरीके से सजाया जाता है। देव दिवाली पर जहां लाखों दीपों से गंगा तट रोशन होगा, वहीं गंगा की लहरों पर लेजर शो के माध्यम से बहुत कुछ जानकारियां मिलेंगी।
देव दीपावली पर वाराणसी में किए जाने वाले लेजर शो को ध्यान में रखते हुए बीते दिनों एक ट्रायल किया गया था। लेजर शो के माध्यम से जहां काशी के इतिहास के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी, वहीं शिव तांडव स्त्रोत भी लोगों को देखने को मिलेगा।

मालूम हो कि देव दिवाली पर्व को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। गंगा किनारे घाटों की सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आयोजनों की सूची भी तैयार की जा रही है इसके अलावा स्वयं सेवी संगठनों के साथ बैठक कर उनको भी जिम्मेदारी सौंप जा रही है।
अधिकारियों का कहना है की गंगा घाट के साथ ही पूरे वाराणसी शहर में जगह-जगह सजावट होगी इसके अलावा मुख्य मार्गों पर भी सजावट करने की योजना बनाई जा रही है। पर्यटन विभाग के अधिकारी भी इस काम में जुटे हुए हैं।
रेत पर होगी आतिशबाजी
देव दीपावली के दिन गंगा नदी के उस पार रेत पर आतिशबाजी भी होगी। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर विशेष लेजर लाइट के जरिए काशी की महत्ता के बारे में पर्यटकों को जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही पूर्व की भांति चेतसिंह घाट की दीवारों पर आयोजित होने वाला लेजर शो भी आयोजित होगा। वहीं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर सुनील वर्मा द्वारा मीडिया को बताया गया कि देव दिवाली पर काशी विश्वनाथ धाम में भक्तों के लिए भव्य सजावट की जाएगी तथा घाट पर लेजर शो का भी आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications