UP Varanasi News: सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर आज आ रहे हैं वाराणसी, जानें पूरा कार्यक्रम
UP Varanasi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सायं काल वाराणसी आ रहे हैं। दो दिवसीय दौरे पर सीएम के वाराणसी आगमन को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री जहां भेलूपुर स्थित पेयजल आपूर्ति कार्य का निरीक्षण करेंगे वहीं शुक्रवार को वाराणसी के सिगरा स्थित रूद्राज कन्वेंशन सेंटर में यूथ 20 का शुभारंभ करेंगे।
जारी सूचना अनुसार मुख्यमंत्री गुरुवार को सायं 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के बीएचयू में स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। हेलीपैड पर भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा सीएम की अगवानी की जाएगी। बीएचयू हेलीपैड से कार द्वारा मुख्यमंत्री सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में जाएंगे।

अपना घर आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुनः बीएचयू स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से वाराणसी के पुलिस लाइन आएंगे। पुलिस लाइन मैदान में उतरने के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस सभागार में पहुंचेंगे और सायं काल 6 बजे से 8 बजे तक अधिकारियों संग समीक्षा बैठक करेंगे।
जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात्रि में वाराणसी सर्किट हाउस से कार द्वारा प्रस्थान करेंगे और बाबा विश्वनाथ तथा बाबा काल भैरव मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन करेंगे। मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री रात करीब 9 बजे भेलूपुर स्थित जलकल का निरीक्षण करने जाएंगे।
निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी में ही रात्रि विश्राम करेंगे और शुक्रवार को सुबह 9 बजे वाराणसी के सिगरा में स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में वाई-20 कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय युवा मामले के मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुनः वापस वाराणसी पुलिस लाइन मैदान में पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से लखनऊ प्रस्थान कर जाएंगे। वाराणसी में मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और वाई-20 कार्यक्रम को ध्यान में रखते कई सड़कों पर हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications