BHU UG Admission 2025: स्पॉट राउंड-1 कट-ऑफ जारी, जानें कब आएगा प्रवेश प्रक्रिया का दूसरा परिणाम
BHU UG Admission 2025: वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में प्रवेश प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को स्नातक कोर्स के लिए स्पॉट राउंड-1 का सीट आवंटन परिणाम जारी कर दिया। नतीजे देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र पोर्टल पर लॉगिन कर रहे हैं।
इस सूची में उन उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है जिन्होंने स्पॉट राउंड में भाग लिया था। छात्रों के साथ ही अभिभावकों की निगाहें अब कट-ऑफ और सीट आवंटन पर टिकी हैं। कई विद्यार्थियों को पहली बार सीट मिलने की संभावना बनी है।

बीएचयू प्रशासन ने कहा है कि जिन्हें सीट मिली है उन्हें प्रवेश की पुष्टि करनी होगी। इसके लिए 13 सितंबर 2025 तक शुल्क जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित तारीख के बाद भुगतान न करने पर सीट स्वतः खाली मानी जाएगी।
पात्रता जांचने की दी गई सलाह
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सावधान किया है कि वे शुल्क जमा करने से पहले आवंटित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तों की जांच कर लें। यदि बाद में किसी की पात्रता अधूरी पाई जाती है तो उसका प्रवेश निरस्त हो सकता है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि स्पॉट राउंड में तय की गई कट-ऑफ नियमित प्रवेश दौर से अलग हो सकती है। इसलिए छात्रों को दोनों की तुलना कर भ्रमित नहीं होना चाहिए। यह प्रक्रिया उपलब्ध सीटों के आधार पर की गई है।
स्पॉट राउंड-1 की आवंटन सूची कई मानकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) का प्रदर्शन, मेरिट रैंक, उपलब्ध सीटें और कॉलेज व संकाय की प्राथमिकताएं प्रमुख आधार रही हैं।
बीएचयू ने अपनी आरक्षण नीति का भी पालन किया है। इसमें अनारक्षित, ओबीसी-एनसीएल, एससी और एसटी वर्गों के लिए तय कोटे का ध्यान रखा गया है। विश्वविद्यालय ने दावा किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और संतुलित तरीके से संपन्न हुई।
दूसरे चरण का इंतजार शुरू
अब छात्रों की निगाहें अगले चरण पर हैं। विश्वविद्यालय 15 सितंबर 2025 को स्पॉट राउंड-2 का परिणाम घोषित करेगा। इससे उन विद्यार्थियों को भी मौका मिल सकता है जिन्हें इस बार सीट नहीं मिल सकी।
प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी गई है। बीएचयू ने कहा कि केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही मान्य माना जाएगा। छात्रों को किसी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील भी की गई है।
ऐसे करें परिणाम की जांच
परिणाम देखने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार bhu.ac.in पर जाएं। यहां जाने के बाद "UG Admissions 2025 (Spot Round 1 Result)" लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद बीएचयू समार्थ पोर्टल खुल जाएगा।
यहां आवेदन संख्या और पासवर्ड या जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन करना होगा। स्क्रीन पर सीट आवंटन और कट-ऑफ अंक दिखाई देंगे। उसके बाद छात्र यहां से अपने प्ररिणाम या फिर पेज का प्रिंट आउट कर लें, जिससे जरुरत पड़ने पर दिखा सकें।












Click it and Unblock the Notifications