WhatsApp पर ऐसा मैसेज आए तो हो जाएं सावधान, नहीं तो अकाउंट से कट जाएंगे पैसे
ठगों द्वारा व्हाट्सएप पर बिजली बिल बकाया होने का मैसेज भेज कर की जा रही ठगी, वाराणसी में लगातार आ रहे हैं ऐसे मामले
वाराणसी, 26 जुलाई : ठगों द्वारा लोगों को ठगने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। अब एक नया मामला सामने आया है जिसमें ठगों द्वारा उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप पर बिजली बिल बकाया होने का मैसेज भेज कर ठगी की जा रही है। मैसेज में बिजली बिल न जमा करने पर रात 9:30 बजे बिजली काटने की चेतावनी दी जा रही है। वाराणसी जिले में लगातार ऐसे मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। साइबर सेल के पास जून माह से अब तक 2 दर्जन से अधिक ऐसे मामले आए हैं। ठगी की ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस द्वारा लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है।

ऐप डाउनलोड करते ही कट गए पैसे
वाराणसी जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र की रचना सिन्हा ने शिकायत किया कि उनके मोबाइल पर बिजली बिल बकाया होने से संबंधित मैसेज आया। बिजली के बकाया बिल के चलते पूर्व में उनका कनेक्शन काट दिया गया था। जिसके चलते उन्हें लगा कि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा यह मैसेज किया गया है। मैसेज पढ़ने के बाद रचना सिन्हा ने बताए गए नंबर पर संपर्क किया। ठग द्वारा उन्हें मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड करने के लिए बताया गया। एप डाउनलोड करने के बाद आगे की कुछ प्रक्रिया भी बताई गई। यह सब करते समय ही रचना सिन्हा के खाते से 19714 रुपए कट गए। इसी तरह हरहुआ के कोईराजपुर गांव के रहने वाले आरएस यादव के मोबाइल पर भी मैसेज आया। आरएस यादव के नाम से बिजली कनेक्शन नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि मैसेज आने के बाद वह भी काफी घबरा गए और इसी शिकायत भी उनके द्वारा पुलिस से की गई।

रात में कनेक्शन काटने की देते हैं धमकी
ठगों द्वारा व्हाट्सएप पर पहले टेक्स्ट मैसेज भेजा जाता है। मैसेज में लिखा जाता है कि बिजली बिल बकाया होने के चलते आपका कनेक्शन रात 9:30 बजे काट दिया जाएगा। मैसेज में एक नंबर भी रहता है और उस नंबर पर फोन पर बिजली विभाग के अधिकारी से संपर्क करने के लिए लिखा रहता है। उस नंबर पर संपर्क करने के बाद ठग द्वारा ग्राहकों को उलझाते हुए उनके मोबाइल में रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड करवाया जाता है और फिर रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा जाता है। रुपए ट्रांसफर करते समय रिमोट एक्सेस एप की मदद से ग्राहक की सभी जानकारियां ठग ले लेते हैं। उसके बाद वे ग्राहक के खाते से खुद पैसा ट्रांसफर कर लेते हैं।

तत्काल इन नंबरों पर करें शिकायत
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आपके पास कोई भी ऐसा मैसेज आता है तो तत्काल वाराणसी के साइबर सेल के हेल्पलाइन नंबर 7839856954 पर फोन पर जानकारी दें। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्रालय के हेल्पलाइन 1930 पर भी फोन करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इन नंबरों पर 15 मिनट के अंदर यदि शिकायत की जाती है तो तत्काल आपके पैसे भी वापस मिल सकते हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह नंबर 24 घंटे चालू रहते हैं और किसी भी समय इन नंबरों पर फोन करके सूचना दी जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications