Ajay Rai statement: चुनाव में सपा को छोड़ अकेले ताकत दिखाएगी कांग्रेस, अजय राय बोले- जनता का भरोसा हम पर
Ajay Rai statement: उत्तर प्रदेश की सियासत में जातीय जनगणना को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस इस फैसले को अपनी जीत बता रही है और खुलकर इसका श्रेय राहुल गांधी को दिया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे को उठाया और अब इसका असर दिख रहा है।
अजय राय का दावा है कि केंद्र सरकार को राहुल गांधी के दबाव में झुकना पड़ा और आखिरकार जाति जनगणना के लिए तैयार होना पड़ा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आवाज इतनी बुलंद थी कि सरकार को पीछे हटना पड़ा। वहीं, इस दौरान अजय राय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और उसके प्रमुख मोहन भागवत पर भी जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब जाति जनगणना का ऐलान हुआ, उस वक्त मोहन भागवत वाराणसी में सामूहिक विवाह समारोह में मौजूद थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संघ केवल दिखावे की राजनीति करता है और लोगों को गुमराह करता है। राय ने कहा कि भागवत जी सिर्फ फोटो खिंचवाने और दिखावे के लिए आते हैं।
भागवत पर कांग्रेस का हमला
एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान अजय राय ने आरोप लगाया कि आरएसएस की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने कहा कि बनारस में भागवत जी ने मोदी जी की नकल करते हुए पैर धोने और फोटो खिंचवाने का दिखावा किया, लेकिन असल में संघ का काम देश को गुमराह करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस हमेशा समाज को बांटने का काम करता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश को जोड़ने का काम कांग्रेस कर रही है, जबकि संघ और उसके नेता लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। राय ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर भी सीधा हमला बोला।
पंचायत चुनाव में अकेले उतरने का दावा
अजय राय ने 2026 में होने वाले उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी और पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उनका दावा है कि पार्टी के कार्यकर्ता आज भी जमीनी स्तर पर मजबूत हैं और दमदारी से मुकाबला करेंगे।
सपा और करणी सेना के बीच बढ़ते तनाव पर राय ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील की कि कानून व्यवस्था को प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जाए ताकि प्रदेश में अमन-चैन कायम रहे।
जातीय जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख से साफ है कि पार्टी इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है। अजय राय का यह बयान यूपी की राजनीति में एक नई बहस छेड़ सकता है, खासकर तब जब पंचायत चुनाव नजदीक हैं।
राय ने अंत में यह भी कहा कि कांग्रेस अब प्रदेश की जनता के मुद्दों को लेकर और मजबूती से सामने आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पंचायत चुनावों में पार्टी को जनता का पूरा समर्थन मिलेगा।
वाराणसी में कांग्रेस ने निकाली धन्यवाद यात्रा
इधर, वाराणसी में कांग्रेस ने जातीय जनगणना को मिली मंजूरी का जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी ने शनिवार को धन्यवाद यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर राहुल गांधी का धन्यवाद करते हुए कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और जश्न मनाया।
अजय राय ने यात्रा के दौरान कहा कि राहुल गांधी के दबाव में सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि अब पार्टी पूरी तरह से फेल हो चुकी है और जनता ने भी यह साफ तौर पर देख लिया है।












Click it and Unblock the Notifications