25 किलो चांदी से बने पलंग पर विश्राम करेंगे बाबा विश्वनाथ, दक्षिण भारत का ट्रस्ट रविवार को करेगा दान
वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ के विश्राम के लिए दक्षिण भारत के एक ट्रस्ट ने 25 किलो चांदी का पलंग बनवाया है‚ रविवार को इसे बाबा को किया जाएगा अर्पित
वाराणसी, 23 जुलाई : दक्षिण भारत के ट्रस्ट द्वारा बाबा विश्वनाथ के रात्रि विश्राम के लिए 25 किलो का एक पलंग तैयार कराया गया है। यह पलंग बनकर तैयार हो चुका है। जिसे बाबा धाम में दान करने से पूर्व रथयात्रा पर स्थित अन्नामलईयार नंदवनम् परिसर में श्री काशी नाटकोट्टाई नगर क्षेत्रम मैनेजिंग सोसायटी द्वारा महारुद्र यज्ञ किया जा रहा है। मद्रास से आए हुए ब्राह्मणों द्वारा वैदिक रीति रिवाज के अनुसार पूजा करने के बाद ट्रस्ट के लोगों द्वारा बाबा विश्वनाथ का रविवार को जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक करने के बाद ट्रस्ट के लोगों द्वारा बाबा को चांदी का यह पलंग अर्पित कर दिया जाएगा।

गर्भगृह में रखा जाएगा पलंग, बाबा करेंगे शयन
बताया जा रहा है कि यह पलंग बाबा के गर्भगृह में रखा जाएगा और रात्रि में शयन आरती के बाद बाबा इसी पलंग पर विश्राम करेंगे। पलंग के अलावा ट्रस्ट द्वारा बाबा के भोग में उपयोग किए जाने वाले बर्तन भी चांदी के बनवाए गए हैं‚ उसे भी रविवार को बाबा को अर्पित किया जाएगा। ट्रस्ट के लोगों ने कहा कि बाबा के चरणों में यह सब अर्पित करने से उन्हें खुशी मिलती है और ऐसा उनके द्वारा करीब 200 वर्षों से किया जा रहा है।

12 लाख से अधिक रुपए में बना है पलंग
बाबा को अर्पित किए जाने वाले इस पलंग को मदुरई के एएन सुब्बैह नामक कारीगर द्वारा तैयार किया गया है। पलंग को निर्माण करने में जहां काफी समय लगा वहीं इसको बनवाने में 12 लाख 70 हजार 500 रुपए भी खर्च करने पड़े। अब रविवार को इस पलंग को बाबा को अर्पित कर दिया जाएगा उसके बाद शयर आरती के बाद बाबा इसी पर विश्राम करेंगे।

200 साल से कर रहे हैं बाबा की सेवा
वाराणसी के सिगरा-रथयात्रा मार्ग पर नाटकोट्टई नगर क्षेत्रम मैनेजिंग सोसाइटी की भूमि है। सोसायटी के लोगों द्वारा पिछले 200 वर्षों से बाबा के विश्राम में लगने वाला पलंग दान किया जाता है। इतना ही नहीं सोसाइटी के द्वारा बाबा श्री काशी विश्वनाथ की रोजाना होने वाली आरती की व्यवस्था भी की जाती है। बाबा के भोग लगाने के लिए सारी व्यवस्थाएं करने की जिम्मेदारी भी इसी सोसायटी के ऊपर है।

गर्भगृह की दीवारों पर चढ़ाई गई सोने की परत
श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा गहने और रुपए भी दान किए जाते हैं। पिछले दिनों भक्तों द्वारा गुप्त दान में करीब 60 किलो सोना मिला था। उस सोने से बाबा श्री काशी विश्वनाथ के गर्भगृह और बाहरी दीवारों पर सोने की परत चढ़ाई गई है। सोने की परत चढ़ाए जाने के बाद बाबा का गर्भगृह काफी सुंदर और भब्य लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications