UP Police कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन वाराणसी में पकड़े गए 4 सॉल्वर, की जा रही पूछताछ
UP Police Constable Exam 2024: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन वाराणसी में पुलिस ने चार सॉल्वर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। तीन युवकों की गिरफ्तारी लंका थाना क्षेत्र में हुई। जबकि एक की गिरफ्तारी भेलूपुर में हुई है।
कहा जा रहा है कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर उनसे जुड़े लोगों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं यह भी बात सामने आई है कि कुछ युवकों के पास से परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड भी बरामद हुए हैं।

इसके अलावा वाराणसी में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत रही। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं जिलाधिकारी वाराणसी द्वारा संयुक्त रूप से यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत विभिन्न परीक्षों केन्द्रों का निरीक्षण भी किया गया।
एक लाख रुपए में देने आए थे परीक्षा
बताया जा रहा है कि प्रतापगढ़ निवासी प्रदीप सिंह परीक्षा केंद्र पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए पहुंचा था। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान ही उसके ऊपर शक हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उससे पूछताछ शुरू की।
इसी तरह बिहार का रहने वाला श्रीकांत नामक एक दूसरे सॉल्वर को एक भी लंका थाने की पुलिस ने ही गिरफ्तार किया। श्रीकांत दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। इसके अलावा पुलिस ने श्रीकांत के सहयोगी आजमगढ़ निवासी विशाल कुमार को भी पकड़ा है।
बताया जा रहा है कि विशाल और श्रीकांत के पास से 3-4 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी बरामद हुए हैं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए एडमिट कार्ड की जांच की जा रही है इसके अलावा दोनों का किससे संपर्क था और किसके माध्यम से दोनों परीक्षा देने आए थे इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस बारे में पुलिस द्वारा बताया गया कि पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने कहा कि परीक्षा देने के लिए एक लाख रुपए में उनकी डील हुई थी। दोनों में एक युवक बायोमेट्रिक पहचान के दौरान ही पकड़ा गया जबकि दूसरा परीक्षा कक्षा में पहुंच गया था।
इसके अलावा भेलूपुर थाने की पुलिस द्वारा भी सतीश कुमार नामक एक साल्वर को पकड़ा गया। सतीश कुमार प्रयागराज जनपद का रहने वाला बताया जा रहा है और वह अतुल देव पाल नामक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के लिए पहुंचा था। बायोमेट्रिक मैच नहीं होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वाराणसी में शनिवार को उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन चार सॉल्वर की गिरफ्तारी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications