उत्तराखंड में किन छात्रों को मिल रहे मोबाइल टैबलेट खरीदने को 12 हजार रुपए, जानिए क्या है योजना
छात्रों को निशुल्क मिलेंगे टैबलेट,हायर एजुकेशन के लिए भी है योजना
देहरादून, 1 जनवरी। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी की युवा सरकार ने चुनाव से ठीक पहले युवाओं को निशुल्क टैबलेट योजना लांच की है। जिसमें प्रदेश भर के 10 वीं व 12वीं के 1.59 लाख छात्र अपनी मनपसंद टैबलेट खरीद सकते हैं। इसके लिए छात्रों को 12 हजार रुपए सीधे खाते में दिए जा चुके हैं। शिक्षा विभाग इस योजना के जिले स्तर पर मॉनिटरिंग भी करेंगे। जिससे योजना का उद्देश्य पूरा हो सके। इसके अलावा सरकार ने हायर एजुकेशन के छात्रों को भी टैबलेट खरीदने को 12 हजार रुपए देने की बात की है। इस तरह ये आंकड़ा 2 लाख 65 हजार छात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा।

सीएम ने किया जनसंवाद कार्यक्रम
शनिवार को नए साल पर प्रदेश सरकार ने युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून में निःशुल्क मोबाईल टैबलेट योजना के क्रियान्वयन के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय की 100 छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट प्रदान किये। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोरोना काल में ऑनलाईन पढ़ाई के लिए बच्चों को पढ़ाई के लिए काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। बच्चों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा उनके लिए टैबलेट उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक युवा देश है। देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु वर्ग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। डिजिटल लर्निंग के अन्तर्गत राज्य के 500 स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं चलाई जा रही हैं। 600 अन्य स्कूलों में भी शीघ्र ये सेवाएं शुरू की जायेंगी। राज्य के 709 राजकीय विद्यालयों में 1418 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा रही हैं, यह कार्य 15 जनवरी 2022 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। राज्य सरकार की ओर से सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 09 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। राजकीय स्कूलों में कक्षा 01 से 08 तक के विद्यार्थियों के लिए भी निःशुल्क बैग एवं जूते उपलब्ध कराये जा रहे हैं। छात्रहित में राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति की धनराशि बढ़ाई गई है। शिवानन्द नौटियाल राज्य योग्यता छात्रवृत्ति की धनराशि को प्रतिमाह 250 रूपये से बढ़ाकर 1500 रूपये किया गया है तथा लाभार्थी विद्यार्थियों की संख्या भी 11 से बढ़ाकर 100 की गई है। श्रीदेव सुमन छात्रवृत्ति की धनराशि भी 150 रूपये से बढ़ाकर 01 हजार रूपये की गई है। मुख्यमंत्री प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत 12 वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को 2500 रूपये की छात्रवृत्ति 05 साल तक दी जा रही है।
डीबीटी के जरिए दी गई रकम
शिक्षा विभाग के अनुसार शिक्षा के करीब एक लाख 60 हजार छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रुपये की धनराशि दी जा चुकी है। जिससे 10 वीं और 12 वीं के छात्र-छात्राएं इससे अपनी मनपसंद के टैबलेट खरीद सकेंगे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सांकेतिक रूप से यह टैबलेट दिए गए। अब सरकार उच्च शिक्षा के छात्रों को भी इसी तरह निशुल्क टैबलेट देने के लिए योजना लांच करने जा रही है। इस योजना का लाभ पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या एवं सूची का मिलान बोर्ड परीक्षा 2022 के आवेदन के आधार पर किया जाएगा। यह भी देख लिया जाएगा कि संबंधित छात्र-छात्राएं स्कूल में पढ़ रहे हैं या नहीं। यदि स्कूल की ओर से किसी छात्र-छात्रा की टीसी जारी की जा चुकी है या उसका प्रवेश किसी कारण से वर्तमान में वैध न हो तो संबंधित के खाते में धनराशि नहीं दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications