Uttarakhand weather: सर्दी के सितम के साथ कोहरे का कहर, ये है पहाड़ से लेकर मैदान के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में अब ठंड के बाद कोहरे का कहर नजर आने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक सर्दी का सितम नजर आ रहा है। हरिद्वार,ऊधमसिंह नगर,हल्द्वानी समेत कई इलाके कोहरे के आगोश में आ चुके हैं। देहरादून में भी सुबह कोहरा हर तरफ नजर आ रहा है। हालांकि दिन में थोड़ा बहुत धूप निकलने से राहत है। लेकिन सर्दी पूरे चरम पर है।
अगले तीन दिन ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा-बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इस तरह का मौसम बरकरार रहेगा। अगले तीन दिन ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं। खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार में कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया गया है। ऊधमसिंहनगर में 31 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मद्देनजर डीएम ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा और चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की आशंका है।
Recommended Video
निर्धन व्यक्तियों के लिए कपड़े एकत्रित किए जा रहें
शीतलहर के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैन बसरों को दुरस्त करने और बेघर लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। इसी क्रम में देहरादून की जिलाधिकारी सोनिका ने परेड ग्राउंड में रोड किनारे बैठे निर्धन लोगों को कंबल, गर्म कपड़े तथा दून अस्पताल में लोगों को कंबल वितरित किए। साथ ही जिलाधिकारी ने लोगों से कहा कि कोई भी व्यक्ति रात्रि में बाहर न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि कोई व्यक्ति सड़क पर है तो उनको रैन बसेरों में ठहराया जाए। जिलाधिकारी की पहल पर जिला प्रशासन द्वारा निर्धन व्यक्तियों के लिए कपड़े एकत्रित किए जा रहें है। जिनके पास अतिरिक्त गर्म कपड़े हैं तथा उनका उपयोग नहीं कर रहे है वह स्मार्ट सिटी की बस में रखे बाॅक्स में कपड़े भेंट कर सकते हैं, यदि कोई टोल फ्री नम्बर पर 18001802525 पर कॉल कराता है तो टीम घर पंहुचकर कपड़े एकत्रित करेगी और कलैक्शन सेन्टर से जरूरतमंदो को कपड़े वितरित किए जा रहें है। इसके अतिरिक्त वात्सल्य डे केयर सेन्टर वीरांगना तीलू रौतेली, कामकाजी महिला छात्रावास इसी रोड, सर्वे चौक पर भी कपडे़ भेंट किए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications