विजिलेंस ने रूड़की के कानूनगो को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार,जमीन की फाइल को लेकर मांगी थी घूस
उत्तराखंड विजिलेंस की टीम ने चकबन्दी कार्यालय रूड़की में नियुक्त कानूनगो को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कानूनगो कृष्णपाल विजिलेंस ने 2 हजार रूपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जमीन के बंटवारे से सम्बन्धित फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में कानूनगो रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए चकबन्दी कानूनगो कृष्णपाल को शिकायतकर्ता से दो हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए तहसीलदार कार्यालय रूडकी के पास रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत अंकित करायी कि उसका गाँव में एक भाई जिसकी मृत्यू के बाद उनकी पांच लडकियों की विरासत में आयी हुयी कृषि भूमि उनके ताऊजी लोग उन्हें नहीं दे रहे हैं। जिस कारण उसकी भतीजी ने अपने हिस्से के बंटवारे के लिए बंदोवस्त चकबन्दी अधिकारी रूडकी में वाद दाखिल किया है।
पूर्व में फाईलो में रिपोर्ट लगाने के एवज में कानूनगो कृष्णपाल नें 4 हजार रूपये ले लिये थे। जमीन के बँटवारे से सम्बन्धित फाईल को चकबन्दी अधिकारी को प्रेषित करने के लिए अपनी आख्या लगाने के लिए पुन: चकबन्दी कानूनगो कृष्णपाल द्वारा 2 हजार रूपए की अतिरिक्त मांग की गयी है। शिकायतकर्ता ने रिश्वत न देकर विजिलेंस को शिकायत दी।
सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम द्वारा अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल- अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है। निदेशक सतर्कता डॉ वी0 मुरूगेसन द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी। यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी, अपने पदीय कार्य के सम्पादन में किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें ।












Click it and Unblock the Notifications