सिलक्यारा टनल हादसे के एक साल बाद क्या है तस्वीर, कितना हुआ काम, कब होगी सुरंग आर-पार
उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल का जिक्र आते ही वह हादसा जरुर याद आता है, जब 17 दिन तक 41 श्रमिक सुरंग के अंदर फंसे रहे। उत्तराखंड की धामी सरकार के अलावा देश विदेश की तकनीक और एक्सपर्ट 41 श्रमिकों की जान बचाने के लिए दिन रात डटे रहे।
आखिरकार 17 दिन बाद 41 मजूदरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया और ये हादसा इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। इस हादसे को अब एक साल पूरा हो गया है। अब सबको इस सुरंग के शुरू होने का इंतजार है। लेकिन जितना कठिन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का उस समय मिशन रहा। उतना ही कठिन अब सुरंग के अंदर काम करना है। एक साल बाद सिलक्यारा टनल के क्या हाल हैं। आइए जानते हैं।

चारधाम सड़क परियोजना में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन 4.5 किमी लंबी सिलक्यारा पोलगांव सुरंग निर्माणाधीन हैं। पिछले साल दीपावली के दिन 12 नवंबर को तड़के 4-5 बजे उस समय भूस्खलन वाला हादसा हुआ था, जब श्रमिक रात की शिफ्ट खत्म कर दिवाली के दिन बाहर आने वाले थे। भूस्खलन के कारण सुरंग का मुंह बंद होने से 41 श्रमिक अंदर फंस गए थे। 17 दिन बाद सभी 41 मजूदरों को बाहर सकुशल निकाला गया।
इसके बाद करीब दो माह तक सुरंग में किसी प्रकार का कोई काम नहीं हुआ। 23 जनवरी 2024 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को फिर से निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति दी। जब सुरंग में हादसा हुआ तो 480 मीटर खोदाई का काम बचा हुआ था। 10 माह में अब तक करीब 300 मीटर खोदाई का काम पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
अब कंपनी का दावा है कि मार्च तक बाकि काम भी पूरा कर लिया जाएगा। लेकिन ये काम पोलगांव बड़कोट छोर से हो रहा है। यानि सुरंग के दूसरे छोर से। जिस छोर से हादसा हुआ था, वहां अब भी मलबा हटाया गया नहीं है। सुरंग के प्रवेश द्वार पर बाबा बौखनाग का मंदिर का काम पूरा होने जा रहा है। जो कि इस रेस्क्यू काम और अभियान के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका में रहे।
स्थानीय लोगों का दावा था कि सुरंग में हादसा बाबा बौखनाग के प्रकोप की वजह से ही हुआ। जिसके बाद सरकार से लेकर एक्सपर्ट तक बाबा बौखनाग की शरण में पहुंचे। बाबा से सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर बनाने का वादा किया गया जिसके बाद मिशन पूरा होते ही मंदिर का काम शुरू कर दिया गया जो कि अब पूरा होने वाला है। हालांकि सुरंग से आवााजाही कब शुरू होगी, ये अभी कहना जल्दबाजी होगी। इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications