उत्तरकाशी सुरंग में फंसे 40 मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान जारी, अंदर भेजी जा रही ऑक्सीजन
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलकायरा सुरंग में फंसे 40 मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश लगातार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर फंसे मजदूर सुरक्षित हैं, उनके साथ संपर्क हुआ है।
सुरंग में पाइपलाइन के जरिए ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही है। सुरंग में जो पाइप पानी के लिए डाली गई है उसी के जरिए ऑक्सीजन भेजी जा रही है। इसी पाइप से खाद्य सामग्री भी अंदर फंसे मजदूरों के लिए भेजी जा रही है। इस बीच भारी एक्सकेवेटर मशीन के जरिए मलबे को बाहर निकालने का काम जारी है।

बता दें कि तकरीबन 40 मजदूर सुरंग के अंदर फंस गए हैं। सुरंग का एक निर्माणाधीन हिस्सा जोकि सिलक्यारा और डांडलगांव के बीच है वह रविवार की सुबह टूट गया, जिसकी वजह से सुरंग के अंदर तकरीबन 40 से अधिक मजदूर फंस गए।
Recommended Video
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को राहत और बचाव के कार्य में लगाया गया है। उत्तरकाशी के एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मौके पर राहत-बचाव का कार्य शुरू हो गया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उत्तरकाशी के डीएम रुहेला से बात की है और इस घटना के बाद स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्हें इस रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए कहा गया है।
धामी ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा, मैं लगातार मौके पर अधिकारियों के संपर्क में हूं, हालात पर मेरी लगातार नजर बनी हुई है। मैंने राहत बचाव कार्य को तेज करने का निर्देश दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि सभी लोग सुरक्षित हों।












Click it and Unblock the Notifications