Uttarkashi Tunnel Rescue: सीएम धामी ने की हाईलेवल बैठक, रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया अपडेट
उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल हादसे के बाद सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू जारी है। इस बीच शुक्रवार को तकनीकी खराबी के चलते ड्रिलिंग रोकी गई थी। उम्मीद की जा रही है रविवार तक इसे ठीक कर लिया जाएगा। इस बीच सीएम धामी में उच्च अधिकारियों और रेस्क्यू में जुटी एजेंसियों को अधिकारियों के साथ एक हाईलेवल बैठक की। जिसके बाद उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी एजेंसियों और राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान सीएम ने रेस्क्यू का अपडेट लिया।

मीटिंग के बाद बाद उन्होंने कहा, "श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों को निरंतर श्रमिक बंधुओं से सम्पर्क में रहते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच हेतु निर्देश दिए हैं। हम श्रमिक भाइयों को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु सभी विकल्पों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रहे हैं।"
बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक राकेश चौधरी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि एक टेलीफोन एक्सचेंज स्थापित किया है। चौधरी ने कहा, "हम उन्हें भोजन भेजने के लिए इस्तेमाल होने वाले पाइप के माध्यम से टेलीफोन लाइन से जुड़ा एक फोन देंगे। इसका एक्सचेंज सिलक्यारा सुरंग से 200 मीटर दूर स्थापित किया गया है। इस फोन में इनकमिंग और आउटगोइंग सुविधाएं होंगी। वे अपने परिवार से बात कर सकते हैं।"
श्रमिकों को मोबाइल फोन और वीडियो गेम दिए गए
सुरंग फंसे हुए श्रमिकों को तनाव कम करने के लिए मोबाइल फोन और बोर्ड गेम भी दिए गए हैं। दरअसल, ये सुविधा टनल के अंदर श्रमिकों के तनाव को दूर करने के लिए दी गई है। एक अधिकारी के मुताबिक, "मोबाइल फोन इसलिए दिए गए हैं ताकि श्रमिक वीडियो गेम खेल सकें। उन्हें लूडो और सांप-सीढ़ी जैसे बोर्ड गेम भी उपलब्ध कराए गए हैं।"












Click it and Unblock the Notifications