Uttarkashi: ढाबे पर चाय की चुस्की के साथ हाईप्रोफाइल मीटिंग, पंडित जी ने बताया ऐसे तैयार हुआ मिशन-5
Uttarakhand Tunnel Accident उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल के पास महरगांव के पंडित बृजमोहन के ढाबे पर बिना किसी लाव लश्कर के कुछ सीनियर अधिकारी पहुंचकर पंडित जी को चाय बनाने के लिए कहते हैं। पीएमओ में उपसचिव मंगेश घिल्डियाल, पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव महमूद अहमद और भूविज्ञानी वरुण अधिकारी और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला आकर कुर्सी पर बैठ जाते हैं। इसके बाद शुरू होती है चाय पर चर्चा।

ढाबे पर चाय की चुस्की के साथ मिशन-5 की प्लानिंग की गई। ये बैठक महरगांव के पंडित बृजमोहन के ढ़ाबे पर हुई। पहले पंडित जी से चाय बनाने को कहा गया। इस बीच पंडित जी ने चाय बनानी शुरू की, जिसके बाद सीनियर अफसरों ने पूरे रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की।
उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल में फंसे 41 मजदूरों को बाहर निकालने के लिए दिल्ली से लेकर उत्तरकाशी के एक्सपर्ट् और बड़े अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय से आई टीम और प्रशासन ने मिशन-5 तैयार कर 6 टीमों को युद्ध स्तर पर काम शुरू करा दिया है। जिसकी मॉनिटरिंग पीएमओ ही कर रहा है।
पीएमओ में उपसचिव मंगेश घिल्डियाल, पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव महमूद अहमद और भूविज्ञानी वरुण अधिकारी सिलक्यारा पहुंचे और स्थानीय प्रशासन के साथ हाईप्रोफाइल मीटिंग की। ये हाईप्रोफाइल मीटिंग एक ढाबे में हुई।
इस बीच पंडित जी ने सबको चाय पिलाई और गढ़वाली में पूछा कि थोड़ा ओर चाय चलेगी। पंडित जी ने बताया कि सभी अधिकारी जमीन से जुड़े हैं। इस तरह का व्यवहार और सादगी से स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया। पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे ने पंडित जी को चाय के पैसे पूछे तो पंडित जी ने लेने से इनकार कर दिया। लेकिन भास्कर खुल्बे ने पंडित जी को पूरा पेमेंट किया। उन्होंने कहा कि सभी 41 मजदूरों को सकुशल बाहर निकालने के बाद एक बार फिर चाय पीकर इस रेस्क्यू अभियान के सफल होने की चाय पार्टी रखेंगे।
सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सकुशल बाहर निकालने के लिए पीएमओ की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को इंजीनियरिंग विशेषज्ञ अरमांडो कैपेलन और माइक्रो टनलिंग विशेषज्ञ क्रिस कूपर भी बचाव कार्य में मदद के लिए मौके पर पहुंचे। पीएमओ की टीम ने मिशन-5 तैयार किया है।
जिसमेें केंद्र और राज्य की छह टीम शुरू करेगी। मंगेश घिल्डियाल, भास्कर खुल्बे, महमूद अहमद और वरुण अधिकारी ने पूरे टनल का जायजा लिया। इसके लिए टनल के ऊपर भी जायजा लेने पहुंचे थे। जिसके बाद सिलक्यारा छोर, बड़कोट छोर और सुरंग के ऊपर तथा दाएं और बाएं से ड्रिलिंग कर रास्ता तैयार करने का फैसला लिया गया। जिसमें वर्टिकल ड्रिलिंग को इस अभियान का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications