Uttarakhand weather ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, स्कूलों में फिर छुट्टी
Uttarakhand weather news: उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कुछ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट और कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज भी प्रदेश के 11 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने के साथ कुछ स्थानों में भारी से भारी बारिश व गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है।

उत्तरकाशी जिले के कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। ऐसे में इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, उधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी और चमोली जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक सरकारी, गैर सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 2 सितंबर मंगलवार को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिलों में सड़कें जगह- जगह अवरुद्ध हैं। चमोली जिले में सोमवार को देर शाम बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मौसम में ठंडक आ गई है।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से नदिया उफान पर पहुंच गई हैं। उत्तरकाशी में स्यानचट्टी पुल पर यमुना नदी का पानी आ गया है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार को भी पहाड़ से लेकर मैदान तक कई दौर की बारिश देखने को मिली। वहीं, देहरादून और हरिद्वार को छोड़कर गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य सभी जिलों में आज स्कूल बंद रखे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications