उत्तराखंड में भारी हिमपात, लोगों की बढ़ने लगी मुश्किलें,कई इलाकों में बारिश का क्रम भी जारी,ये है मौसम का हाल
उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। पहाड़ों में बदले मौसम से ठंड लौट आई है। इसके साथ ही प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार से ही लगातार बारिश का क्रम भी जारी है। देहरादून में भी बारिश लगातार जारी है। जिससे एक बार फिर ठंड का असर नजर आ रहा है।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिनों से लगातार बदला हुआ है। गंगोत्री, केदारनाथ समेत चारों धाम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। गंगोत्री में हुई जमकर बर्फबारी से मंदिर तक बर्फ से ढका हुआ नजर आ रहा है। उत्तरकाशी जिले में रात से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे बंद है।
मोरी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।यमुनोत्री धाम सहित आस-पास बर्फबारी तो बड़कोट तहसील में रात भर से बारिश हो रही है। इसके अलावा औली, वेदनी, रूपकुण्ड, गैरसैण में जमकर हिमपात हो रहा है। इधर पहाड़ों में हिमपात के साथ ही कई इलाकों में लगातार बारिश का क्रम जारी है। मसूरी और देहरादून में देर रात से रुक रुककर हो रही बारिश के कारण घना कोहरा छाया हुआ है।
उधर, केदारनाथ धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। जबकि निचले इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। औली, वेदनी, रूपकुण्ड, बगची, थराली के ब्रह्माताल, भेंकलताल और गैरसैण के दूधातोली में जमकर हिमपात हो रहा है।
श्रीनगर में रात से लगातार बारिश होने के कारण ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग धौलीधार के पास रुक रुककर मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर यातायात का संचालन करवा रही प्रदेश के आठ जिलों में आज भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून के साथ उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी, हरिद्वार जिले में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं।
इनके अलावा नई टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं तेज गर्जन और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है। राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला त्यूनी से चकराता में रात भर हुई भारी बर्फबारी के कारण बन्द हो गया है। मार्ग खोलने हेतु 02 जेसीबी द्वारा कार्यवाही गतिमान है।












Click it and Unblock the Notifications