Uttarakhand Weather इन जिलों के लिए कोहरे का अलर्ट, शीत दिवस जैसी स्थिति रहने के आसार, आगे कैसा रहेगा मौसम
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगे भी तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
ऊधम सिंह नगर में घने कोहरे से शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। मैदानी इलाकों में एक बार फिर कोहरे की ठंड परेशान कर सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 24 दिसंबर को देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जिसके चलते ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिले में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। आने वाले दिनों की बात करें तो 27 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। 28 और 29 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
समूचा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। इसका असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है। कोहरे के कारण हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। कोहरे के चलते प्रदेश में ट्रेनों का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट और पूर्णिया कोर्ट से अमृतसर जाने वाली एक्सप्रेस, काठगोदाम से जम्मूतवी जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस, देहरादून से वाराणसी और वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस, टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जलियांवाला एक्सप्रेस, अंबाला से बरौनी जाने वाली हरिहर एक्सप्रेस रद रहीं।
लंबी दूरी की बाकी ट्रेनें भी एक से तीन घंटे लेट हुईं। इनके अलावा लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली चंडीगढ़ सुपरफास्ट दो घंटे की देरी से, कोलकाता-जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस एक घंटे, जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस दो घंटे और अमृतसर से देहरादून जाने वाली लाहौरी एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही।












Click it and Unblock the Notifications