UKSSC PAPER LEAK: मास्टरमाइंड हाकम सिंह के रिजॉर्ट पर चला बुलडोजर, जानिए हाकम और रिजॉर्ट के पीछे की कहानी
पेपरलीक के मास्टरमाइंड हाकम सिंह के रिजॉर्ट पर चला बुलडोजर
देहरादून, 4 अक्टूबर। (UKSSC PAPER LEAK CASE) यूकेएसएसएससी पेपरलीक के मास्टमाइंड हाकम सिंह के उत्तरकाशी के सांकरी में स्थित आलीशान रिजॉर्ट पर प्रशासन का बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। लंबे दिनों से प्रशासन इस रिजॉर्ट को ध्वस्त करने की प्लानिंग पर काम कर रहा था, आखिरकार आज बुलडोजर की मदद से प्रशासन ने आलीशान रिजॉर्ट को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। प्रशासन की जांच में रिजॉर्ट अवैध रूप से निर्माण होने की पुष्टि हुई थी।
Recommended Video

पेपर लीक का मास्टरमाइंड उत्तरकाशी जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह
उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की स्नातक स्तर की भर्तियों में गड़बड़ी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांच के निर्देश दिए। डीजीपी अशोक कुमार के निर्देशों ओर अगले ही दिन इस मामले में देहरादून के रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पेपर लीक प्रकरण में 40 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। इस दौरान जांच में उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह का नाम सामने आने के बाद एसटीएफ ने हाकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जो कि पेपर लीक का मास्टरमाइंड पाया गया।

सांकरी स्थित रिजॉर्ट के बारे में भी जानकारी हाथ लगी
हाकम सिंह के बारे में जब एसटीएफ ने जांच की तो पता चला कि हाकम सिंह ने अकूत संपत्ति इकट्ठा की है। जिसमें सांकरी स्थित रिजॉर्ट के बारे में भी जानकारी हाथ लगी। इसके बाद इस रिजॉर्ट को लेकर एसटीएफ ने जानकारी ली। तो पाया गया कि हाकम सिंह के इस रिजॉर्ट में प्रदेश के नेताओं और अफसरों का आना जाना लगा रहता था।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि के बाद नोटिस चस्पा कर दिया गया
उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील के सांकरी गांव में नकल माफिया हाकम सिंह का देवदार की लकड़ी से बना आलीशान रिजॉर्ट है। पेपर लीक में जेल में बंद हाकम सिंह के सांकरी स्थित रिजॉर्ट पर रविवार को ही नोटिस चस्पा हो गया है। राजस्व व वन विभाग की टीम ने सांकरी गांव पहुंचकर रिजॉर्ट की नापजोख की जिसमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि के बाद नोटिस चस्पा कर दिया गया। एसटीएफ और राजस्व पुलिस की जांच में रिजॉर्ट के सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाए जाने की पुष्टि हुई थी जो कि गोंविद वन्यजीव विहार की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। प्रशासन की जांच में हालांकि इसके सरकारी भूमि पर बने होने की पुष्टि हुई।

ध्वस्तीकरण की कार्यवाही शुरू की
वन विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त मुनारों की पुनः मरम्मत का कार्य भी किया गया और वन भूमि के अतिक्रमण को लेकर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए। साथ ही अतिक्रमण की गई भूमि को सील किया गया था। इसी क्रम में रिसोर्ट के अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया गया और आज इसी क्रम में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही प्रारंभ की गई। आज तहसील मोरी के सांकरी में स्थित रिजॉर्ट के वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर वन विभाग,राजस्व व पुलिस प्रशासन टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्यवाही शुरू की।

हाकम सिंह,सरकारी नौकरियों का सौदागर
हाकम सिंह को ही सरकारी नौकरियों का सौदागर माना जाता रहा है। हाकम सिंह ने उत्तरकाशी के मौरी इलाके से छोटा काम शुरू किया और उत्तरप्रदेश के नकल माफियाओं तक कनेक्शन जोड़ लिए। शुरूआत में हाकम सिंह उत्तरकाशी के एक प्रशासनिक अधिकारी के घर कुक का काम करता था। कुछ दिनों बाद उस अधिकारी का ट्रांसफर हरिद्वार हुआ तो वह हाकम सिंह को भी अपने साथ ले गए। यहां वह अधिकारी का ड्राइवर बन गया। हरिद्वार में हाकम का कुछ लोगों के साथ उठना बैठना हुआ तो वह पेपरलीक के धंधे से जुड़ गया। यहां उसकी मुलाकात यूपी के नकल माफियाओं से हो गई।

अकूत संपत्ति अर्जित कर सांकरी में आलीशान रिजॉर्ट तैयार करवाया
वर्ष 2008 में वह पंचायत की राजनीति में सक्रिय हो गया। वर्ष 2019 के पंचायत चुनाव में वह जिला पंचायत सदस्य बन गया। इस बीच हाकम ने राजनीति में अच्छी पेंठ बना ली। हाकम सिंह ने मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी तक के साथ फोटो खिंचवाकर संवाद भी स्थापित कर लिए। इससे हाकम सिंह ने अकूत संपत्ति अर्जित कर सांकरी में आलीशान रिजॉर्ट तैयार करवा लिया।












Click it and Unblock the Notifications