Mulayam Singh Yadav : मुलायम सिंह यादव उत्तराखंड के लिए क्यों कभी नहीं बन पाए 'नेताजी', जानिए वो किस्सा
UP के पूर्व CM मुलायम सिंह का 82 वर्ष की उम्र में निधन
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मुलायम सिंह जहां उत्तर प्रदेश के नेता जी के नाम से जाने जाते हैं, वहीं उत्तर प्रदेश से पृथक होकर बने उत्तराखंड राज्य के लोगों के लिए मुलायम सिंह की छवि हमेशा के लिए विरोधी नेता की इमेज बनकर रह गई। यही वजह है कि मुलायम सिंह और समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में कभी अपना जनाधार नहीं बना पाए।

1994 में ऐसी घटना हुई, काला अध्याय बनकर रह गया
मुलायम सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति के पुरोधा माने जाते हैं। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश की राजनीति में अहम भूमिका निभा चुके हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश से पृथक होकर बने उत्तराखंड के लिए मुलायम कभी नेता जी नहीं बन पाए। 1994 में जब मुलायम सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोगों के साथ ऐसी घटना हुई जो कि प्रदेश के लोगों के लिए काला अध्याय बनकर रह गया।

रुड़की के नारसन बॉर्डर पर रोका गया
मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर 1 अक्टूबर की रात और 2 अक्टूबर 1994 के दिन में ऐसी घटना हुई जिसे इतिहास में काले अध्याय के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उत्तराखंड के लोग पृथक राज्य की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हुए थे। अपनी पृथक राज्य की मांग को लेकर दिल्ली तक ले जाने के लिए 1 अक्टूबर को पहाड़ी इलाकों से 24 बसों में सवार होकर कुछ आंदोलनकारी दिल्ली के लिए रवाना हुए। पहले इनको रुड़की के नारसन बॉर्डर पर रोका गया, लेकिन लोग आगे बढ़ते रहे।

मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर दोलनकारियों और पुलिस में कहासुनी
1 अक्टूबर 1994 को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर दोलनकारियों और पुलिस में कहासुनी हुई कि तभी अचानक नारेबाजी और पथराव शुरू हो गया। इस पथराव में तत्कालीन डीएम अनंत कुमार सिंह घायल हो गए। इसके बाद यूपी पुलिस ने क्रूरता से लाठीचार्ज किया और करीब ढाई सौ आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। इसी झड़प के बीच कथित तौर पर पुलिस पर महिलाओं के साथ छेड़खानी और रेप के भी आरोप लगे, जिनमें बाद में कई सालों तक मुकदमा भी चला।

2 अक्टूबर 1994 यूपी पुलिस ने फायरिंग की, 7 लोगों की जान चली गई
देर रात तीन बजे के करीब 40 बसों से आंदोलनकारी रामपुर तिराहे पर पहुंचे तो फिर झड़प हुई। 2 अक्टूबर 1994 के दिन में यूपी पुलिस ने करीब 24 राउंड फायरिंग की जिसमें 7 लोगों की जान चली गई और डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। इसके बाद उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा पहले से ज्यादा उग्र हो गया। 9 नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग राज्य उत्तराखंड बना। इस रामपुर तिराहा कांड में कई पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज हुई और फिर 1995 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए।

पुलिसवालों पर रेप, डकैती, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसे मामले दर्ज
इस कांड में दो दर्जन से अधिक पुलिसवालों पर रेप, डकैती, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसे मामले दर्ज हुए। इसके बाद साल 2003 में फायरिंग के मामले में तत्कालीन डीएम को भी नामजद किया गया और उत्तराखंड हाई कोर्ट ने एक पुलिसकर्मी को सात साल जबकि दो अन्य पुलिकर्मियों को दो दो साल की सजा सुनाई। वहीं 2007 में तत्कालीन एसपी को भी सीबीआई कोर्ट ने बरी कर दिया और फिर मामला लंबित रहा।

बतौर मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड के लोगों के लिए विवादित बयान दिए
इस दौरान मुलायम सिंह ने बतौर मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड के लोगों के लिए विवादित बयान दिए, जिससे उत्तराखंड के लोगों में मुलायम सिंह को लेकर हमेशा से ही गुस्सा देखने को मिला। मुलायम सिंह का एक बयान सबसे ज्यादा विवादित रहा, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी परवाह क्यों करूं, कौन सा उन्होंने मुझे वोट दिया था। ये बयान मुलायम सिंह यादव ने उन लोगों की मांग पर दिया था जो उत्तराखंड को अलग राज्य बनाना चाहते थे। इस वजह से मुलायम उत्तराखंड प्रदेश की सियासत में कभी सामने नहीं आए।

मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश की पत्नी डिंपल मूलरूप से उत्तराखंड की
यहां तक की मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल मूलरूप से उत्तराखंड की हैं। तब भी मुलायम का परिवार उत्तराखंड की सियासत में एंट्री नहीं कर पाए। डिंपल यादव का जन्म 1978 में पुणे, महाराष्ट्र, में हुआ था। वह सेवानिवृत्त भारतीय सेना कर्नल आरएस रावत और चम्पा रावत की बेटी हैं। उनका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का है।












Click it and Unblock the Notifications