Uttarakhand News: चार धाम यात्रा के लिए निर्धारित सीमा समाप्त, सीएम धामी ने दिए यह निर्देश
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गढ़वाल आयुक्त और अध्यक्ष चारधाम यात्रा प्रशासन विनय शंकर पांडेय द्वारा यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर ऋषिकेश और हरिद्वार में चारों धामों के दर्शन हेतु निर्धारित की गई सीमा को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।
पांडेय ने बताया कि वर्तमान में चारों धामों में भीड़ सामान्य हो चुकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री धामी के निर्देशानुसार जनहित में यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में चारों धामों के दर्शन के लिए निर्धारित कोटा व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। अब यात्री ऋषिकेश और हरिद्वार के रजिस्ट्रेशन काउंटर में स्वयं भौतिक रूप से उपस्थित होकर चारों धाम, दो धाम या किसी भी धाम का सीधे रजिस्ट्रेशन प्राप्त कर अपनी यात्रा पर सुगमता से जा सकते हैं। यह आदेश चारों धामों में आने वाले यात्रियों की सुविधा हेतु तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। गत वर्ष चारधाम यात्रा के शुरू के एक माह में 12,35,517 श्रद्धालुओं द्वारा धामों के दर्शन किए गए थे। जबकि इस वर्ष 19,64,912 श्रद्धालुओं द्वारा चारों धामों के दर्शन किए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications