सीएम धामी ने किया 12 रैट माइनर्स का सम्मान, सम्मान राशि देकर बढ़ाया उत्साह
Uttarakhand News: उत्तराखंड के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देंने वालों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तरकाशी के सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में टनल की खुदाई में अहम भूमिका निभाने वाले 12 रैट माइनर्स को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीएम धामी ने सभी रैट माइनर्स को 5050 हजार रूपये के सम्मान राशि के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रैट माइनर्स ने अपनी जान की परवाह किये बिना कठिन परिस्थितयों में टनल में खुदाई, सफाई और पाइप को काटने का कार्य किया। सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलता तक पहुंचाने में रैट माइनर्स का बहुत बड़ा योगदान रहा।
सीएम ने आगे कहा कि जिस लगन और परिश्रम से हमारे रैट माइनर्स ने इस रैस्क्यू अभियान को सफल बनाने में अन्य एजेंसियों के साथ योगदान दिया, इसके लिए सभी रैट माइनर्स बधाई और आशीर्वाद के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान में योगदान देने वाले सभी लोगों का भी प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
वहीं सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में विशेष योगदान देने वाले रैट माइनर्स ने राज्य में स्वागत और सम्मान होने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे 41 लोगों की जान बचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ उन्हें भी अपना योगदान देने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, जिलाधिकारी उत्तरकाशी अभिषेक रूहेला भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications