हरिद्वार में पंचायत चुनाव के लिए शुरू हुआ सियासी दंगल, भाजपा-कांग्रेस के लिए इस वजह से अहम है चुनाव
हरिद्वार पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26 सितंबर को होगा
देहरादून, 7 सितंबर। हरिद्वार में होने वाले पंचायत चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों सियासी दलों के लिए काफी अहम माने जा रहे हैं। ये चुनाव दोनों दलों के लिए लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। एक तरफ सीएम धामी के लिए ये चुनाव साख का सवाल हैं तो भाजपा, कांग्रेस दोनों के नए प्रदेश अध्यक्षों महेंद्र भट्ट और करन माहरा के लिए संगठन स्तर पर खुद को साबित करने की चुनौती है। भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने अपने-अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। साथ ही सियासी जोड़तोड़ भी शुरू हो गया है।

भाजपा ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी
हरिद्वार की सीट भाजपा के लिए हमेशा से ही चुनौतीपूर्ण रही है। अब तक पंचायत चुनावों में यहा भगवा का दबदबा नहीं देखने को मिला है। ऐसे में भाजपा इस बार किसी तरह का कोई रिस्क नहीं उठाना चाहती है। प्रत्याशियों के चयन में भाजपा ने कई दिनों तक माथापच्ची की। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन मंत्री ने लिस्ट को फाइनल किया। इसके बाद भाजपा ने हरिद्वार जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। 44 सीटों में से एक सीट को रिक्त छोड़ा है। भाजपा ने महिलाओं पर ज्यादा दांव खेला है। 22 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस, बसपा समर्थित उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
कांग्रेस ने मंगलवार शाम को कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इनमें गैंडीखाता, किशनपुर जमालपुर, सफरपुर, भारापुर,जौरासी जबरदस्तपुर,टांडा भनेड़ा, टिकौला और कल्याणपुर उर्फ नारसन कलां सीट को किसी भी उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया गया। फिलहाल ये सीटें ओपन है। वहीं नगला कुबड़ा,मेहवड़ खुर्द और भंगेड़ी महावतपुर सीट को होल्ड पर रखा गया है।बसपा ने मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पद के बसपा समर्थित उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इनमें मानकपुर आदमपुर सामान्य सीट से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा समेत 27 उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 17 है।

कद्दावर गुर्जर नेता रविन्द्र पनियाला ने भाजपा जॉइन कर ली
चुनावों का ऐलान होते ही भाजपा ने हरिद्वार में सियासी जोड़तोड़ भी शुरू कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक इसके अहम सूत्रधार माने जा रहे हैं। जो कि अब तक दो बड़े चेहरों को भाजपा में शामिल करा चुके हैं। खानपुर विधानसभा क्षेत्र से कद्दावर गुर्जर नेता रविन्द्र पनियाला ने भाजपा जॉइन कर ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की मौजूदगी में रविंद्र पनियाला भाजपा में शामिल हो गए। अपने समर्थकों के साथ रविंद्र पनियाला ने भाजपा का दामन थाम लिया।

हरिद्वार के कांग्रेस नेता हरपाल साथी ने भाजपा का दामन थामा
इससे पहले 5 सितंबर को हरिद्वार के कांग्रेस नेता हरपाल साथी ने भाजपा का दामन थामा, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डा रमेश पोखरियाल निशंक ने पटका पहना कर भाजपा की सदस्यता दिलाई। हरपाल साथी के साथ सौ से अधिक लोग भी भाजपा में शामिल हुए।

26 सितंबर को मतदान, मतगणना 29 सितंबर को
हरिद्वार पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26 सितंबर को होगा। नामांकन प्रक्रिया छह सितंबर से शुरू हो चुकी है। 8 सितंबर तक नामांकन होंगे। 9 से 11 सितंबर तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 12 सितंबर को नामांकन वापस लेने की तारीख होगी और 13 सितंबर को प्रतीकों का आवंटन होगा। मतदान 26 सितंबर और मतगणना 29 सितंबर को होगी।












Click it and Unblock the Notifications