Uttarakhand weather today: प्रदेश के इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम
Uttarakhand weather today: उत्तराखंड में बीते दिनों से बारिश का क्रम जारी है। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से यात्रा भी प्रभावित हो रही है। साथ ही जलभराव और अन्य समस्याओं से भी लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है।
इस बीच मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग व नैनीताल के जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है।

इसमें मौसम विज्ञान विभाग के पांच जिलों में कहीं-कहीं पर भारी से बहुत भारी बारिश (आरेंज अलर्ट) के मद्देनजर सावधानी बरतने को कहा है। जारी पत्र में कहा क प्रत्येक स्तर पर तत्परता एवं सुरक्षा बनाए रखते हुए आवागमन में नियंत्रण बरता जाए। इसी क्रम में अन्य भी निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश गरज और चमक के साथ होने का पूर्वानुमान जताया गया है। राज्य के शेष जनपदो में कहीं-कहीं गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ होने का अंदेशा जताया गया है। देहरादून में आज सुबह से हल्की मध्यम बारिश हो रही है। साथ ही बीते दिनों से मौसम ऐसा ही बना हुआ है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक बुधवार को सड़कों पर जगह-जगह मलबा आने से राज्य में 82 सड़कें बंद हो गई थी। देर शाम तक इनमें से 24 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दी गई। अन्य सड़कों को भी खोलने का प्रयास किया जा रहा है। निदेशक मौसम विभाग विक्रम सिंह ने कहा कि यात्री मौसम की अपडेट लेकर ही यात्रा पर निकलें। आने वाले दिनों में वारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications