UKSSSC पेपर लीक : हाकम सिंह की 3 दिन पुलिस कस्टडी रिमांड, उत्तरकाशी से लेकर धामपुर के खुलेंगे कई अहम राज
पेपर लीक:हाकम सिंह की तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मिली है
देहरादून, 23 अगस्त। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में 3 दिन काफी अहम माने जा रहे हैं। एसटीएफ को मुख्य आरोपी हाकम सिंह की तीन और शिक्षक तनुज शर्मा की दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मिली है। एसटीएफ हाकम सिंह को धामपुर और उत्तरकाशी लेकर जाएगी। जिसके बाद पेपर लीक गिरोह की सच्चाई सामने आ सकती है।

हाकम सिंह की तीन और शिक्षक तनुज शर्मा की दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड
यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण में अब तक मास्टरमाइंड माने जा रहे उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत का उत्तरकाशी से लेकर धामपुर तक का कनेक्शन पुलिस ने काफी हद तक क्रेक कर लिया है। लेकिन अभी इस मामले की तह तक जाना एसटीएफ के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। सभी कड़ियों को जोड़ने के बाद ही एसटीएफ इस प्रकरण का खुलासा कर पाएगी। जिसमें उत्तरकाशी और उत्तरप्रदेश के कई चेहरे अब बेनकाब होंगे। ऐसे में हाकम सिंह के साथ जुड़े लोगों के बारे में एसटीएफ को अभी कई तथ्य जुटाने हैं। अब तक पुलिस हाकम सिंह के खास माने जा रहे तनुज शर्मा और उत्तरप्रदेश के सहारनपुर से पकड़े गए जेई को ही इस प्रकरण में अहम कड़ी मानकर चल रही है। लेकिन अगले 3 दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। एसटीएफ रिमांड के दौरान पूरा सच निकलवाने की कोशिश करेगा। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में एसटीएफ को मुख्य आरोपी हाकम सिंह की तीन और शिक्षक तनुज शर्मा की दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मिली है। एसटीएफ हाकम सिंह को धामपुर और उत्तरकाशी लेकर जाएगी। उत्तरकाशी में जहां हाकम सिंह के करीबियों के बारे में पता लगाया जाएगा साथ ही इस धंधे में लिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी जबकि धामपुर में नकल सेंटर बनाए गए फ्लैट से कुछ और सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। जबकि आरोपी शिक्षक तनुज शर्मा से एसटीएफ नकलची अभ्यर्थियों की लिस्ट तैयार करवा सकती है।
उत्तरकाशी के कई चेहरे अभी बेनकाब हो सकते हैं
मास्टरमाइंड हाकम सिंह के एसटीएफ के शिकंजे में आने के बाद उत्तरकाशी के कई चेहरे अभी बेनकाब हो सकते हैं। इसमें हाकम के करीबी और गिरोह में शामिल लोगों के साथ ही कई नकलची अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं। हाकम के पकड़े जाने के बाद उत्तरकाशी से लेकर सोशल मीडिया में कई परीक्षाओं और पुरानी भर्तीयों को लेकर वायरल मैसेज प्रसारित हो रहे हैं। इनमें से कई एसटीएफ के रडार पर हैं। जिनसे जल्द ही पर्दा उठ सकता है।
सोशल मीडिया में वायरल पत्र, 2018 को हाकम सिंह के कहने पर हेलीकाप्टर उपलब्ध कराया गया
हाकम सिंह के सलाखों के पीछे होने के बाद से सोशल मीडिया में कई तरह की चर्चा और पत्र वायरल हो रहे हैं। ऐसा ही एक पत्र आने वाले दिनों में भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकता है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे पत्र में दावा किया जा रहा है कि हाकम सिंह रावत के लिए राज्य सरकार ने गांव तक हेलीकाप्टर तक भिजवा दिया। अब मामला सामने आया तो सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे एक पत्र से इसकी पुष्टि हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यकाल में 10 अगस्त 2018 को हाकम सिंह के कहने पर उसकी मां के उपचार के लिए हेलीकाप्टर उपलब्ध कराया गया था। इस पत्र को उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक ने भी अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट कर कई सवाल खड़े किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications