Uttarakhand Weather: गर्मी दिखा रही तेवर, जल्द बारिश से मिल सकती है राहत, जानिए कब से बदलेगा मौसम का मिजाज
Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दिनों से पहाड़ों में बारिश का क्रम जारी है तो मैदानी इलाकों में गर्मी अपनी तेवर दिखा रही है। आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की मानें तो 19 मई के बाद से फिर प्रदेश भर में बारिश के आसार बन रहे हैं।
प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। कहीं, तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो रही है, तो कहीं गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में तीन दिन से गर्मी परेशान कर रही है। सामान्य तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से दिन के समय गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं।

आज (शनिवार) के मौसम की बात करें तो पर्वतीय जिलों के अधिकतर इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, इन जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, बीती शाम से तापमान में हल्की गिरावट आई है। 17 मई तक प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। रविवार 18 मई से मौसम साफ रहेगा। लेकिन, 19 मई के बाद से फिर प्रदेश भर में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने चारधाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बारिश के दौरान नदी-नालों और गदेरों से दूर रहने की सलाह दी है।
बता दें कि शुक्रवार को भी देहरादून समेत प्रदेशभर के कई जिलों में मौमस का मिजाज बदला लेकिन कुछ ही देर में साफ हो गया। देहरादून में काले बादल आने के बाद बूंदाबादी भी हुई, लेकिन फिर गर्मी का असर दिखने लगा। बीते एक हफ्ते से देहरादून में गर्मी अपना पूरा तेवर दिखा रही है। जबकि पहाड़ों में बारिश का क्रम जारी है। केदारनाथ में भी हर दिन दोपहर बाद बारिश होने की सूचना है। शनिवार आज 17 मई की बात करें तो देहरादून में मौसम शुष्क बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications