Uttarakhand weather: भारी बारिश से चलते केदारनाथ यात्रा पर रोक, मौसम विभाग ने किया अलर्ट, जानिए कब तक
Uttarakhand weather: उत्तराखंड में मानसून की बारिश जमकर बरस रही है। जिसका क्रम आज भी जारी रहेगा। भारी बारिश से चलते केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। यात्री सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए हैं। यमुनोत्री हाईवे सिलाई बैंड के पास एक हफ्ते से बंद हैं। जिस पर वैली ब्रिज बनाकर सुचारु करने की कोशिश की जा रही है।
चमोली जनपद में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बदरीनाथ हाईवे उमट्टा में पहाड़ी से मलबा आने के चलते बाधित है। मौसम विभाग की मानें तो पर्वतीय जिलों में आज भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 जुलाई तक प्रदेशभर में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर चमोली जनपद के सरकारी, अर्द्धसरकारी विद्यालयों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।
प्रदेश में बारिश के बाद जगह-जगह मलबा आने से दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 50 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक देहरादून जिले में लखवाड़ बैंड के पास किलोमीटर 26 में मलबा आने से विकासनगर-कालसी-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद है। जिले में तीन ग्रामीण सड़के भी बंद हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग औजरी में बंद है।
देहरादून में आज सुबह से मौसम पूरी तरह से बंद है। हर तरफ बादल छाए हुए हैं। बूंदा बांदी के बीच बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बीते कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेलगढ़ नाला तेज बारिश के चलते उफान पर आ गया है। नाले में पानी का स्तर अधिक होने के कारण प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया है। बागेश्वर, चंपावत समेत कुमांउ के कई इलाकों में बारिश हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications