देहरादून से चंडीगढ़ का सफर होगा और आसान, दो घंटे में पहुंचाने की है कोशिश, जानिए कैसे
दून- चंडीगढ़ एनएच के नए एलाइनमेंट पर कार्य करने के निर्देश
देहरादून, 22 जुलाई। उत्तराखंड की अस्थाई राजधानी देहरादून से बड़े शहरों तक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करने के लिए राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है। पहले देहरादून से दिल्ली का सफर आसान करने पर जोर शोर से काम चल रहा है। उसी तर्ज पर अब देहरादून से चंडीगढ़ का सफर भी आसान करने की दिशा में तेजी से काम करने को कहा गया है। इसके लिए मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने एनएचएआई के अधिकारियों को दून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के नए एलाइनमेंट पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। दावा किया जा रहा है कि दून से चंडीगढ़ का सफर दो घंटे में तय करने की कोशिश की जा रही है।

मुख्य सचिव ने रोड प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की
मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने एनएचएआई के अंतर्गत प्रदेश में चल रहे विभिन्न रोड प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत प्रोजेक्ट्स को पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने दिल्ली-देहरादून, मसूरी-पांवटा साहिब, नजीबाबाद-जसपुर, हरिद्वार-हल्द्वानी, हल्द्वानी-नगीना और देहरादून रिंग रोड सहित सहारनपुर बाईपास, खटीमा बाईपास और हरिद्वार बाईपास, गदरपुर बाईपास आदि प्रोजेक्ट्स की प्रगति की प्रोजेक्टवाइज जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी प्रोजेक्ट्स में नेटवर्क उपलब्धता के दृष्टिगत सभी प्राविधान किए जाए। साथ ही निर्माण सामग्री की कमी न हो इसके लिए खनन विभाग को एनएचएआई को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराई जाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जिन प्रोजेक्ट्स में भूमि अधिग्रहण का कार्य होना है, उनमें तेजी लाते हुए भुगतान शीघ्रता से किया जाए। उन्होंने एनएचएआई हाईवे के निकट देहरादून के आसपास लॉजिस्टिक पार्क विकसित किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई को देहरादून-चंडीगढ़ के लिए एलाइनमेंट पर भी कार्य किए जाने के निर्देश दिए।
1 से डेढ़ घंटे होगा कम
देहरादून से वाया पांवटा साहिब चंडीगढ़ की सड़क मार्ग से दूरी करीब 169 किमी है। जिसमें फिलहाल करीब तीन से साढ़े तीन घंटे का समय लगता है। दावा किया जा रहा है कि नए एलाइनमेंट के अनुरूप मार्ग बनाए जाने से दून से चंडीगढ़ की दूरी न सिर्फ कम होगी बल्कि यह सफर दो घंटे में पूरा हो जाएगा। बैठक में जानकारी दी गई कि देहरादून-पांवटा प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण का कार्य गतिमान है। इस प्रोजेक्ट के लिए फारेस्ट क्लीयरेंस मिल गई है। इसके अलावा बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का कार्य तीन पैकेज में 2024 तक पूरा होगा। पैकेज एक, व दो (अक्तूूबर 2023) तक एवं पैकेज-तीन (अप्रैल 2024) तक पूर्ण होना है।












Click it and Unblock the Notifications