कोरोना के डर के बीच शुरू होगी चारधाम यात्रा, सरकार उठा सकती है ये बड़े कदम
3 मई से शुरू हो रही चारधाम यात्रा, बॉर्डर पर बढ़ेगी सख्ती
देहरादून, 28 अप्रैल। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से पहले सरकार की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। एक तरफ 3 मई से यात्रा की शुरूआत होने जा रही है। दूसरी तरफ कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 24 नए केस सामने आए हैं। इनमें 18 अकेले देहरादून से हैं। इसके साथ ही एक सचिव व दो विदेशी भी संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य महकमा फिर से अलर्ट मोड पर है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अब बॉर्डर पर सख्ती करने की तैयारी में हैं। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा है कि मामले बढ़ने पर बाहरी राज्यों से आने वालों की जांच फिर से शुरु की जाएगी। हालांकि सरकार फिलहाल वेट एंड वॉच की स्थिति में है। जिससे यात्रा में किसी तरह का कोई असर न पड़े।

3 मई से शुरू हो रही यात्रा, केस बढ़ने से मुश्किल
कोविड प्रतिबंध के कारण दो साल से ठप पड़ी चारधाम यात्रा को इस बार बड़ी उम्मीदें जगी हुई हैं। चार धाम यात्रा 3 मई से शुरू होगी, सबसे पहले 3 मई को गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ के कपाट 6 और बद्रीनाथ के 8 मई को खुल जाएंगे। यात्रा की शुरूआत से पहले ही दो लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। अब तक कोविड को लेकर आवश्यक एहतियात बरतने के साथ ही कोई कोविड प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि मास्क, सेनेटाइजर और दो गज की दूरी ही जरुरी है। मंत्री ने बुधवार को बद्री केदार मंदिर समिति कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को यात्रा को लेकर पूरी निष्ठा और सेवाभाव से काम करने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी भी दी कि किसी तरह की कोई काम में हीलाहवाली नहीं होगी।
सरकार भी बड़ी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुटी है। लेकिन जिस तरह से एक बार फिर कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, उससे सरकार की मुश्किलें बढ़ना तय हैं। जिसका असर यात्रा पर भी दिख सकता है।
बॉर्डर पर बढ़ेगी सख्ती
ऐसे में कोरोना की चौथी लहर की आशंका के बीच सरकार जल्द ही दूसरी राज्यों से आने वाले लोगों का कोविड टेस्ट कराने की तैयारी भी कर रही है। जिसके लिए टेस्टिंग की क्षमता को भी दो गुना बढ़ाने का फैसला लिया गया है। सरकार बॉर्डर पर ही पर्यटकों और यात्रियों की कोविड जांच शुरू कर सकती है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम के अलावा जो-जो लोग भी बाहर से आएंगे, उन्हें टेस्टिंग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और उन सभी की टेस्टिंग भी की जाएगी। हालांकि उत्तराखंड में चिंताजनक स्थिति नहीं है।
24 नए मामले, 80 एक्टिव केस
उत्तराखंड में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 24 मामले सामने आए हैं। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, बुधवार को 27 व्यक्ति स्वस्थ हो गए। प्रदेश में अब कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 80 है। वहीं रिकवरी रेट 96.13 पर पहुंच गया है। कोरोना संक्रमण दर रही 1.42 प्रतिशत है। देहरादून जनपद में सबसे अधिक 46 कोरोना के मामले हैं, जबकि हरिद्वार में 22 मामले सक्रिय हैं। नैनीताल में पांच एक्टिव केस हैं। चमोली में दो मामले हैं। पांच जिलों (बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और ऊधमसिंह नगर जिले) में एक-एक सक्रिय मामले हैं।












Click it and Unblock the Notifications