देहरादून पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, कल मध्य क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक, ये है कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन के दौरे के लिए देहरादून पहुंच गए हैं। योगी का उत्तराखंड पहुंचने पर सरकार के मंत्रियों और भाजपा संगठन द्वारा स्वागत किया गया। अपने इस 3 दिन के प्रवास में योगी मध्य क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक के साथ श्री बद्री केदार धाम के भी दर्शन करेंगे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपराह्न 5 बजे जीटीसी हेलीपेड पहुंचे। जहां प्रदेश सरकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेम चंद अग्रवाल और पार्टी संगठन की तरफ से प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठरी एवं टिहरी सांसद, वरिष्ठ विधायकों के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान मनवीर चौहान ने गंगोत्री धाम से लाई गंगाजली और धार्मिक चुन्नी भेंट कर उन्हे गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम आने का न्यौता दिया। पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने उन्हें पहाड़ी सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक टोपी पहनाई।
मुख्यमंत्री योगी आज रात्रि विश्राम के बाद कल नरेंद्र नगर में होने वाली मध्य भारत क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह श्री बद्री केदार धाम की अपनी धार्मिक यात्रा के तहत शाम को बाबा भोलेनाथ की नगरी केदारपुरी पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम केदारनाथ धाम में करने के बाद अगले दिन प्रातः मंदिर में जलाभिषेक कर वह 8 अक्तूबर को श्री बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां वह भगवान विष्णु की विशेष पूजा अर्चना करेंगे।
इस दौरान वह दोनो धामों को अधिक भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ के राज्य आने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं समेत समस्त प्रदेशवासियों में उत्साह का माहौल है।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक उत्तराखंड में 7 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। बैठक 7 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में होगी। बैठक की अध्यक्षता गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। जिसमें उत्तराखंड, छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए यूपी के सीएम योगी देहरादून पहुंच चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल नरेंद्रनगर पहुंचेंगे। जी 20 के बाद मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की मेजबानी करना धामी सरकार के लिए एक ओर बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है












Click it and Unblock the Notifications