राजाजी टाइगर रिजर्व में कॉर्बेट से लाई गई बाघिन ने चार शावकों को दिया जन्म,आगे है ये प्लानिंग
उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व में कॉर्बेट से लाई गई बाघिन ने चार शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग ने पुनर्स्थापना कार्यक्रम की सफलता को लेकर खुशी जाहिर की है।
राजाजी टाइगर रिजर्व प्रबंधन फिलहाल बाघिन और इसके शावकों की क्लोज मॉनिटरिंग कर रहा है। राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी भाग में बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से बाघों को राजाजी में ट्रांसलोकेट करने का भी कार्यक्रम चल रहा है। अब तक कॉर्बेट से चार बाघों को राजाजी में लाया जा चुका है। इसमें एक नर और तीन मादा बाघ शामिल हैं।
राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी भाग में बाघों की आबादी बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम की सफलता के संकेत भी मिलने लगे हैं।
राजाजी टाइगर रिजर्व में लगे कैमरा ट्रैप से ये साफ हुआ है कि यहां लाई गई एक बाघिन ने चार शावकों को जन्म दिया है। राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी हिस्से में एक बड़ा भूभाग बाघों की आबादी के लिए अनुकूल माना गया है और इस क्षेत्र में कॉर्बेट नेशनल पार्क से बाघों को ट्रांसलोकेट किए जाने का सिलसिला शुरू किया गया था।
हालांकि पिछले दिनों राजाजी टाइगर रिजर्व द्वारा जल्द एक बाघिन के शावकों को जन्म देने की उम्मीद लगाई जा रही थी। अब कैमरा ट्रैप में बाघिन के साथ शावकों के भी आने से सकारात्मक संकेत मिले हैं।
राजाजी टाइगर रिजर्व में कॉर्बेट से पांच बाघों को लाने की योजना थी। जिनमें से चार बाघ लाये जा चुके हैं और अब जल्द ही एक और बाघ लाने की भी उम्मीद लगाई जा रही है। इस कार्यक्रम के जरिए एक तरफ कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाघों के अत्यधिक दबाव को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा। साथ ही राजाजी में नए आशियाना बनाने की तरफ उठाए जा रहे कदम की सफलता से जोड़ा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications