देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, 3 दिन में 8 जिलों को किया जा चुका है मेल, क्या है कनेक्शन
Threat to bomb Dehradun court बीते तीन दिनों से उत्तराखंड के 8 जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है। आज लगातार तीसरे दिन देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी जिला जज को मेल के जरिए भेजी गई है।
ऐहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। जिससे काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पूरे परिसर को चेक किया। हालांकि जांच पड़ताल में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। शुरूआती जांच में इसमें पाकिस्तानी संगठन के होने की आंशका जताई जा रही है।

गौर हो कि सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। मंगलवार को भी अन्य जिलों में इस तरह के मेल आए। जिसके बाद पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट पर है। आज सुबह देहरादून के जिला कोर्ट में बम होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल जिला जज कार्यालय को मिला है। कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।
सभी जजों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों को कोर्ट से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है। पुलिस टीम जांच में जुटी है। बता दें, प्रदेश के कई जिलों में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मचा हुआ है।
इससे पहले बता दें कि, रविवार 16 फरवरी से ऐसी धमकियों का सिलसिला जारी है. सबसे पहले सोमवार को नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को लेकर धमकी दी गई थी। अगले दिन मंगलवार को पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस इसे शरारती तत्वों की हरकत से भी जोड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications