देहरादून से दिल्ली और दूसरे राज्यों का सफर होगा लंबा और महंगा, जानिए वजह
कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट होने से लंबा होगा सफर
देहरादून, 7 जुलाई। 14 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार और पुलिस की ओर से तैयारियां शुरू हो गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान जहां अत्यधिक भीड़ जुटने की संभावना है, वहीं यात्रा के दौरान रूट डायवर्ट होने से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस वजह से देहरादून से दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों को लंबे रूट से जाना पड़ेगा। ऐसे में कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज की बस से सफर महंगा होगा। परिवहन निगम ने इसको लेकर अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी है। रूट डायवर्ट होते ही संबंधित मार्गों पर दूरी बढ़ने के हिसाब से ही किराए में बढ़ोतरी की जाएगी।

दून-मेरठ-दिल्ली हाईवे पर सबसे ज्यादा भीड़
कांवड़ यात्रा में सबसे ज्यादा भीड़ दून-मेरठ-दिल्ली हाईवे पर होती है। इसकी वजह से दिल्ली जाने वाली सभी बसों का रूट बदल जाता है। वह बसें वाया पांवटा साहिब-करनाल रूट से दिल्ली आती-जाती हैं। दून से दिल्ली की दूरी में करीब 77 किलोमीटर का अंतर आता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि निगम बसों के किराए में 55 से 100 रुपये की बढ़ोतरी कर सकता है। वॉल्वों बसों का किराया 100 रुपये तक की बढ़ सकता है। तो वहीं साधारण बसों के किराए में 55 से 60 रुपये की बढ़ोतरी की संभावना है। दिल्ली के अलावा जयपुर, आगरा, फरीदाबाद, गुुरुग्राम, अलवर आदि स्थानों पर जाने वाली बसें भी वाया करनाल भेजी जाती हैं। उनके किराए में भी बढ़ोतरी होती है। परिवहन निगम का कहना है कि कांवड़ यात्रा के हिसाब से रूट डायवर्ट होंगे, वैसे ही दूरी और उस रूट पर पड़ने वाले टोल के हिसाब से किराए में बढ़ोतरी की जाएगी। रूट डायवर्जन लागू होने के बाद किराए में बढ़ोतरी लागू कर दी जाएगी। यह बढ़ोतरी केवल रूट डायवर्जन तक ही लागू रहेगी। कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद जैसे ही पुराने रूट पर रोडवेज बसें चलेंगी, वैसे ही किराया भी पहले की तरह लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications