उत्तराखंड में भी गर्माया हिंदुत्व का मुद्दा, भाजपा के सवालों पर हरीश रावत ने दिया तगड़ा जवाब
हिंदुत्व पर टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने सामने, भाजपा के आराेेपों पर हरदा का पलटवार
देहरादून, 15 नवंबर। उत्तराखंड में हिंदुत्व के मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ने लगा है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की ओर से लिखी गई पुस्तक में हिंदुत्व पर टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस आमने सामने आ गए हैं। भाजपा ने हिंदुत्व के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व सीएम हरीश रावत को घेरना शुरू कर दिया है। जिसके बाद हरीश रावत खुलकर हिंदुत्व को लेकर भाजपा पर पलटवार किया है।

हरदा बोले, भाजपा ने हिंदुत्व से तत्व किया अलग
पूर्व सीएम हरीश रावत का कहना है कि वह व्यक्तिगत रूप से सलमान खुर्शीद से सहमत नहीं है। हरीश रावत ने कहा कि दूसरे लोग भी अपने धर्म पर गर्व कर सकें, हम उनका भी सम्मान करते हैं। यही हमारी संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान है। उन्होंने कहा कि हिंदू कौन है इसकी परिभाषा विवेकानंद से लेकर हमारे उपनिषदों में पुराणों में स्पष्ट की गई है। कांग्रेस हमेशा से इस पहचान पर अडिग रहने के लिए कटिबद्ध रही है। लेकिन भाजपा ने हिंदुत्व का ध्रुवीकरण करते हुए हिंदू से उसके तत्व को अलग कर दिया है।इसी तरह से उन्होंने हिंदुओं को बांटने का काम किया है। कांग्रेस का सिद्धांत सभी धर्मों को ताकत देना है।

मदन कौशिक ने किए थे सवाल
पूर्व सीएम हरीश रावत पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने हरीश रावत पर सवालों की बौछार की थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा तुष्टीकरण की चादर ओढ़ चुकी कांग्रेस को चुनाव पास आते ही हिंदू याद आते हैं,लेकिन उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत को इसमें दोहरा रवैया त्याग कर स्पष्ट करना चाहिए कि वह हिन्दुओ को गाली देने पर सलमान खुर्शीद के वक्तव्य को गलत मानते हैं तो राहुल गांधी के बयान पर चुप क्यों है? क्या वह राहुल गांधी के वक्तव्य की निंदा कर उनसे आहत हिन्दू समुदाय से माफ़ी मांगने को कहेंगे ? कौशिक ने कहा कि जो चुनावी व इच्छाधारी हिंदू दिल्ली में भर-भर के हिंदुओं को गाली दे रहे हैं, उत्तराखंड में कुछ और ही लक्षण दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। खुद को मुसलमानों की पार्टी बताने वाली तथा राम मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाकर भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस हिंदुओं की आस्था को बार बार ठेस पहुचा रही है और चुनाव नजदीक आते ही हिंदुओं की चिंता कैसे हो गयी? कौशिक ने कहा कि हरीश रावत यह बताएं कि उनके विचार सलमान ख़ुर्शीद से या राहुल गांधी में किससे मेल नहीं खा रहे है, क्योंकि दोनो ही हिंदुओं को बदनाम कर रहे हैं व गाली दे रहे हैं। अगर, हरीश रावत को सच राहुल गांधी, खुर्शीद और रशीद अल्वी के बयानों से ठेस पहुंची है तो राहुल गांधी से कहें कि हिंदू समाज से माफ़ी मांगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक सुनियोजित रणनीति और तुष्टीकरण की नीति के चलते हिंदुओं की भावनाओं पर चोट करती रही है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं छद्म आवरण में सहानुभूति का लेप लगाने की कोशिश में जुटे नेताओं को भी जनता माफ़ नहीं करेगी।

हिंदुत्व को लेकर हो रही राजनीति
उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हिंदुत्व के मुद्दे को लपकने में लगे हैं। आम आदमी पार्टी ने पहले उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का ऐलान किया तो कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को गणेश अवतार में लाकर श्री गणेश का नारा दिया। जो कि भाजपा के जय श्री राम के नारे का जबाव माना गया। इसके बाद से भाजपा और कांग्रेस में हिंदुत्व पर जमकर आरोप प्रत्यारोप चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications