चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन निर्धारित सीमा हटी, राज्य सरकार ने ली राहत, पुरोहितों में उत्साह
चारधाम यात्रा के लिए यात्रियों की संख्या का निर्धारण हटा, कोविड प्रोटोकाल रहेगा जारी
देहरादून, 5 अक्टूबर। उत्तराखंड में अब चारधाम यात्रा के लिए यात्रियों की संख्या पर लगा प्रतिबंध हट गया है। चारधाम यात्रा के लिए अब यात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी। हाईकोट के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार और तीर्थ पुरोहितों ने राहत की सांस ली है। हाईकोर्ट ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत चारधामों में तीर्थ पुरोहितों के लिए एक दिन में दर्शन करने के लिए संख्या निर्धारित कर दी थी। जिसके बाद से स्थानीय तीर्थ पुरोहित इसको लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
Recommended Video

सीएम ने की अपील, कोविड प्रोटोकॉल का रखें ध्यान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद देहरादून वापस आकर प्रेस वार्ता की। मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने चार धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए चार धाम के लिए जारी की एसओपी का पूरा पालन करें। यात्रा पर निकलने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज और कोविड-19 नेगेटिव रिपोर्ट और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट को साथ अवश्य लाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय न्यायालय ने चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन निर्धारित सीमा को हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि यात्रा भी चलती रहे और यात्रियों की सुरक्षा भी रहे, इसके लिए कोविड गाइड लाइन के तहत यात्रा को सकुशल संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को लेकर जो भी दिक्कतें हैं उन्हें जल्द दूर करने हेतु निर्देश दे दिए हैं।
30 अक्टूबर तक केदारनाथ में शंकराचार्य की समाधि का काम होगा पूरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 30 अक्टूबर तक श्री शंकराचार्य जी की समाधि का काम पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम के लिए 409 करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं जिनमें 225 करोड़ का कार्य पूरा हो गया है, जबकि फेज 2 में 114 करोड़ का कार्य निर्माणाधीन है। इसी तरह से बदरीनाथ धाम के लिए 245 करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री श्री धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि चारों धामों हेतु पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण हेतु 708 करोड़ रुपए के कार्य गतिमान और प्रस्तावित हैं।
अब तक 50 हजार श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
हाईकोर्ट के चारधाम यात्रा को लेकर यात्रियों की संख्या पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने के बाद तीर्थ पुरोहितों में उत्साह नजर आ रहा है। चारधाम यात्रा के लिए अब एक माह ही बचा हुआ है। दीपावली पर चारधाम यात्रा का शीतकालीन के लिए कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। ऐसे में एक माह में यात्रा को पूरी तरह से खोलने के बाद धामों में अब रौनक नजर आएगी। 18 सितंबर से चारधाम यात्रा खोली गई है। इस तरह से 19 दिनों में चारधाम यात्रा में 50 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। इनमें बद्रीनाथ में 14 हजार से ज्यादा, केदारनाथ में 12 हजार, गंगोत्री में 8 हजार और यमुनोत्री में 5500 से ज्यादा यात्री दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब में 6300 से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव दीपक सेमवाल ने कहा कि
हाईकोर्ट का निर्णय स्वागत योग्य है। माननीय न्यायालय ने श्रद्धालुओं की भावनाओं का ध्यान रखते हुए फैसला लिया है। राज्य सरकार का भी इस पहल के धन्यवाद। यात्रियों की संख्या का निर्धारण हटने से रोजगार का इंतजार कर रहे लोगों को फायदा होगा। कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications