लड़ते-लड़ते घर के बेडरूम में दाखिल हो गए 4 आवारा सांड, जानिए क्या हुआ फिर?
ऋषिकेश। कैसा हो अगर आप अपने घर के अंदर कुर्सी पर आराम से बैठकर चाय पी रहे हों और अचानक से सांड लड़ते हुए आपके घर के अंदर दाखिल हो जाएं। जी हां, कुछ ऐसा ही वाक्या हुआ तीर्थ नगरी ऋषिकेश के बनखंडी में, जहां दो सांड लड़ते हुए एक शख्स के घर में घुस गए। यही नहीं सांड शख्स को टक्कर मारते हुए उसके बेडरूम तक पहुंच गए। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, घर के अंदर दो सांड, एक गाय और घुस आई और सभी आपस में लड़ने लगे। एक सांड तो बेड के ऊपर जाकर खड़ा हो गया। हैरान कर देने वाली इस घटना का फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

लड़ते-लड़ते घर के अंदर दाखिल हुए सांड
जानकारी के मुताबिक, घटना बनखंडी में नगर निगम की पार्षद अनीता रैना के घर के पास की है। अनीता के घर से ही लगा हुआ उनके जेठ का घर है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले अनीता के जेठ के घर का गेट खुला हुआ था और वह घर के आंगन में कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से दो सांड लड़ते हुए घर के अंदर दाखिल हो गए और अनीता के जेठ को गिराते हुए घर के अंदर चले गए।

बेडरूम में पहुंचे सांड
अनीता के जेठ को कुर्सी से गिराते हुए सांड लड़ते-लड़ते बेडरूम में घुस गए, जिससे अफरातफरी मच गई। घर में मौजूद लोगों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। हंगामा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही दो सांड, एक गाय और घर के अंदर घुस गए। जानवरों की लड़ाई के घर के अंदर भी जारी रही, जिससे काफी नुकसान भी हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक फोटो में साफ देखा जा सकता है कि एक सांड बेड पर चढ़कर खड़ा है।

घर में हुआ काफी नुकसान, कई लोग चोटिल
पड़ोसियों की मदद से घरवालों ने काफी मशक्कत के बाद चारों सांड और एक गाय को घर से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी लगी हैं। घर में रखा काफी सामान भी टूट गया है। घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्लों में आवारा जानवरों का आतंक बढ़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications