Shri Hemkund Sahib के कपाट 23 मई को खुलेंगे, चार धाम यात्रा की तरह रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, ये है प्रक्रिया
Shri Hemkund Sahib श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलेंगे। विस्तृत विचार-विमर्श और मौसम स्थितियों का आकलन करने के बाद दोनों पक्षों ने पवित्र गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार 23 मई को खोलने पर आपसी सहमति व्यक्त की है।
आज सचिवालय में श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर बिंद्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि श्री हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

भेंट के दौरान आगामी यात्रा व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी लेते हुए हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा इसके लिए स्थानीय प्रशासन को भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रस्ट राज्य सरकार के समन्वय में इस यात्रा का संचालन करता है तथा तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रतूड़ा, जोशीमठ, गोविंदघाट और घांघरिया में अपनी धर्मशालाओं में मुफ्त ठहरने और भोजन की व्यवस्था करता है।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब विश्व भर के श्रद्धालुओं, खास कर सिख धर्म में अत्यंत गहन आध्यात्मिक महत्व रखता है, इस पवित्र स्थल में 10वें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह ने पूर्व जन्म में ध्यान किया था। जिसका वर्णन खुद गुरु ने अपने द्वारा रचित दशम ग्रंथ के बचित्र नाटक अध्याय में किया है। 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित यह गुरुद्वारा शांति, चिंतन एवं ईश्वरीय अनुभूति की तलाश में आने वाले श्रद्धालुओं को एक दिव्य एवं शांत वातावरण प्रदान करता है।
प्रत्येक वर्ष विश्व भर से हजारों श्रद्धालु इस यात्रा के लिए उत्सुक रहते हैं, जो विश्व स्तर पर श्रद्धा, एकता एवं आध्यात्मिक नवीनीकरण का प्रतीक बन चुकी है। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए भी चार धाम यात्रा की तरह पंजीकरण कराना अनिवार्य होता है। चार धाम यात्रा भी 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। जिसके लिए उत्तराखंड पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कराना होता है। होमपेज पर "Register for Char Dham Yatra" लिंक पर क्लिक करें।
अब इसमें अपना नाम, जन्म तिथि, लिंग, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी सही-सही दर्ज करें। मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सत्यापित करना आवश्यक है। आधार कार्ड या फोटो आईडी अपलोड करें। पूरी डिटेल भरने के बाद आपको एक पास और आईडी नंबर मिल जाएगा, इतना ही नहीं मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications