उत्तराखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर, मार्च के महीनें में बिजली बिल में मिलेगी छूट
उत्तराखंड के 27 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। इस बार मार्च में बिजली का बिल कम आएगा। मार्च के बिजली बिल में ऊर्जा निगम की ओर से 137 करोड़ रुपये की छूट दी जा रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 95 पैसे तक की राहत मिलेगी।
ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए अनुमोदित विद्युत क्रय लागत के सापेक्ष बीते जनवरी की विद्युत क्रय में भारी बचत हुई। इस क्रम में ऊर्जा निगम उपभोक्ताओं को मार्च के विद्युत उपभोग पर जारी होने वाले बिलों में कुल 137 करोड़ (1.19 प्रति यूनिट औसत) छूट प्रदान करेगा।

उत्तराखंड के बिजली उपभोक्ताओं को बिजली विभाग ने होली का बड़ा तोहफा दिया है। इस बार बिजली के बिल में छूट मिल रही है। जिससे आम उपभोक्ता को राहत मिलेगी। फ्यूल एंड पावर पर्चेज कास्ट एडजस्टमेंट (एफपीपीसीए) के तहत उपभोक्ताओं को बिल में यह रियायत दी जा रही है।
ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के टैरिफ विनियमों के अनुसार, यदि ऊर्जा निगम की मासिक विद्युत क्रय लागत अनुमोदित विद्युत क्रय लागत से अधिक होती है तो उसे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में एफपीपीसीए मद में जोड़कर वसूला जाएगा।
वहीं, यदि मासिक विद्युत क्रय लागत अनुमोदित विद्युत क्रय से कम होती है तो उसे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में वापस किया जाता है। प्रबंध निदेशक ने बताया कि पूर्व में बीते जुलाई से दिसंबर तक के विद्युत उपभोग के सापेक्ष उपभोक्ताओं को कुल 427 करोड़ रुपये इसी मद में लौटाए जा चुके हैं।
उपभोक्ता श्रेणी प्रति यूनिट छूट
घरेलू -35 पैसे से 95 पैसे
अघरेलू- 137 पैसे
गवर्नमेंट पब्लिक- 129 पैसे
यूटिलिटी निजी नलकूप- 41 पैसे
कृषि -59 पैसे
एलटी इंडस्ट्री -127 पैसे
एचटी इंडस्ट्री- 127 पैसे
मिक्स लोड -119 पैसे
रेलवे ट्रैक्शन -118 पैसे
ईवी चार्जिंग स्टेशन- 114 पैसे












Click it and Unblock the Notifications