सरकारी सिस्टम को सुधारने में जुटी धामी सरकार, सीएस ने उठाया ये बड़ा कदम, डीएम ने की शुरुआत
सीएम धामी और सीएस संधू ने फिजुलखर्च रोकने के दिए निर्देश
देहरादून, 14 जुलाई। उत्तराखंड में सरकारी सिस्टम को चुस्त दुरस्त करने को लेकर धामी सरकार लगातार नए ठोस कदम उठाने में जुटी है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए होने वाले खर्चे और समय का सदुपयोग करने के लिए जरुरी दिशा निर्देश जारी कर रहे हैं। इधर इसका असर जिलों पर भी दिखने लगा है। रुद्रप्रयाग के डीएम सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ एक बस में सवार होकर पहुंचे।

चाय, बुके जैसी परंपराओं पर भी रोक
मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने सरकारी बैठकों की तैयारियों और समय के सदुपयोग को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव डॉ. संधू ने कहा है कि किसी भी बैठक की पहले से पूरी तैयारियां होनी चाहिए। अधिकारियों की हीलाहवाली और आधी-अधूरी तैयारी से बैठक में आने के सिलसिले पर रोक लगेगी। साथ ही चाय, बुके जैसी परंपराओं पर भी रोक होगी। सीएस ने कहा कि मुख्य अतिथि, अध्यक्ष और अन्य प्रतिभागियों को बुके भेंट करने, स्वागत करने में काफी समय बर्बाद किया जाता है। जिससे नियत समयावधि में एजेंडे के हिसाब से बिंदुवार बातचीत पूरी नहीं हो पाती। सीएस ने कहा कि बैठक में बुके भेंट करने या स्वागत की लंबी प्रक्रिया में समय बर्बाद न हो। संक्षिप्त स्वागत संबोधन के साथ सीधे बैठक के एजेंडा पर चर्चा शुरू की जाए। एजेंडा से संबंधित प्रस्तुतिकरण को बुलेट प्वाइंट, ग्राफिक्स, सांकेतिक छाया चित्र और न्यूनतम आंकड़ों के साथ तैयार किया जाए। बैठक स्थल के बाहर चाय, पानी का इंतजाम किया जाए ताकि अगर किसी को जरूरत लगे तो वह बाहर जाकर चाय पी सके। उन्होंने यह भी कहा है कि निर्धारित समयावधि में बैठक करने के अगले दिन हर हाल में कार्यवृत्त जारी किया जाए।
मुख्य सेवक सदन में होंगे सरकारी कार्यक्रम
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यक्रमों में होने वाले फिजूलखर्च को रोकने के लिए पहल करते हुए कार्यक्रमों को निजी होटलों या अन्य स्थानों में करने की बजाय मुख्य सेवक सदन में आयोजित किया जाए।
देहरादून में आए दिन होटलों और निजी संस्थानों में सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। जिसके लिए सरकार को काफी मोटी रकम चुकानी होती है। ऐसे में धामी ने नई पहल करते हुए फिजूलखर्ची पर रोक लगाने को कहा है। सीएम ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि राजधानी देहरादून के होटलों और अन्य स्थानों में होने वाले सरकारी कार्यक्रम को मुख्य सेवक सदन में आयोजित किया जाए। जिससे सरकार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यसचिव को निर्देश दिये हैं. इस आदेश को सभी जिलों में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि राजकीय संपत्तियों और स्थानों में सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन से सरकार पर पड़ने वाला अतिरिक्त बोझ कम पड़ेगा।
बस में सवार हुए डीएम, सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में पहुंचे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के निर्देशों का जिलों पर भी असर दिखने लगा है। जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग मयूर दीक्षित ने इसकी शुरूआत करते हुए स्वयं बस में सवार होकर जिले के मनसूना पहुंचे। डीएम मयूर दीक्षित ने ऐसी पहल शुरू की जो प्रदेशभर के लिए प्ररेणास्रोत बनी है। मनसूना में होने वाले सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में डीएम ने बस की व्यवस्था कराई और अफसरों के साथ स्वयं बस में सवार होकर मनसूना पहुंचे।सरकारी फिलूखर्चे पर अंकुश लगाने के साथ ही बिना वजह बड़ी संख्या में सरकारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल सराहनीय है।












Click it and Unblock the Notifications