President Draupadi Murmu नैनीताल में नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, कैंची धाम में आधा घंटे तक लगाया ध्यान
President Draupadi Murmu राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड दौरे पर हैं। उत्तराखंड दौरे के तीसरे दिन राष्ट्रपति ने नैनीताल प्रवास के दौरान मां नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और राष्ट्र की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद राष्ट्रपति ने कैंची धाम पहुंचकर आधा घंटे तक ध्यान लगाया।
राष्ट्रपति ने कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अपने नैनीताल प्रवास के दौरान मां नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और राष्ट्र की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू का मंदिर समिति के सदस्यों ने पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया। मां नैना देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में शामिल हैं। जिनके नाम से ही नैनीताल का नाम पड़ा।इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद लिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने आधे घंटे से अधिक समय मंदिर में बिताते हुए बाबा का ध्यान लगाया। कैंची मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मंदिर में बाबा की पूजा अर्चना के साथ अन्य मंदिरों में भी पूजा की। इस दौरान राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
कैंची धाम से राष्ट्रपति वापस नैनीताल वापस लौटीं। नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। इस दौरान वो मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति दिल्ली लौट जाएंगी। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नैनीताल राज भवन के नवनिर्मित मुख्य द्वार का शिलान्यास किया।
राजभवन के मुख्य द्वार का यह शिलान्यास इस धरोहर के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। राजभवन नैनीताल, विगत 125 वर्षों से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक, प्रशासनिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक रहा है, आज भी अपनी स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत के लिए अद्वितीय स्थान रखता है।












Click it and Unblock the Notifications